
मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना को लेकर केन्द्रीय विधि मंत्री के बयान के साथ ही बार एसोसिएशन इलाहाबाद के प्रस्ताव के विरोध को लेकर जिला अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके साथ ही मुजफ़्फरनगर में सिविल बार एसोसिएशन ने बार उत्तर प्रदेश के चेयरमैन के बयान का समर्थन किया है। जिला बार संघ ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा है। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट बेंच केन्द्रीय संघर्ष समिति के आह्नान पर कचहरी में कार्य बहिष्कार करते हुए अधिवक्ताओं ने हड़ताल की।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को कचहरी परिसर में जिला बार संघ एवं सिविल बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने अलग अलग प्रदर्शन किये। जिला बार संघ के अध्यक्ष सैयद नसीर हैदर काजमी और महासचिव प्रदीप मलिक के नेतृत्व में बार के अधिवक्ता एकत्र हुए। उन्होंने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेच की स्थापना के आंदोलन को लेकर केन्द्रीय विधि मंत्री रविशंकर प्रसाद के द्वारा दिये गये बयान की घोर निंदा की। इसके साथ ही ज्ञापन सौंपा। सिविल बार एसोसिएशन केन्द्रीय संघर्ष समिति पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रस्ताव को लेकर बार कौंसिल उत्तर प्रदेश के चेयरमैन हरिशंकर सिंह के समर्थन एवं बार एसोसिएशन इलाहाबाद द्वारा 17 नवम्बर को पारित प्रस्ताव के विरोध में समस्त न्यायिक कार्यों से अलग रहते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सिविल बार एसोसिएशन के महासचिव बिजेन्द्र सिंह मलिक ने बताया कि बार कौंसिल यूपी के चेयरमैन द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच स्थापित किये जाने का प्रयास सराहनीय है।
Published on:
26 Nov 2019, 3:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.