सीईओ गोदारा ने द्विपक्षीय संवाद करते हुए कृषि कॉलेज के विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए तथा उनसे कई सवाल भी पूछे। सीईओ ने राजस्थान पत्रिका के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि पत्रिका प्रामाणिक खबरें प्रकाशित करता है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रिका की गहरी पकड़ है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रश्न करना सीखें, प्रश्न करेंगे तभी जिज्ञासा को शांत कर पाएंगे और ज्ञानार्जन होगा। उन्होंने कहा कि जब किसी समाज के लोगों के ज्ञान का स्तर बढ़ता है तो समाज में व्यवस्था परिवर्तन होता है। गोदारा ने शिक्षा के साथ राजनीति व मतदान से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए।
पूर्व प्राचार्य डॉ. जाखड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे जेहन में क्यों और कैसे का सवाल हमेशा रहना चाहिए। उन्होंने अपने निजी जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि विद्यार्थी यदि कठिन मेहनत करे तो सफलता प्राप्त कर सकता है। यह भी ध्यान रखें कि सफलता का कोई शोर्ट कट नहीं है। जाखड़ ने कहा कि पहले खेत तैयार करो, खेत तैयार होगा तो फसल कोई भी उग जाएगी और पैदावार भी अच्छी होगी। यदि हमारी तैयारी अच्छी नहीं है तो फिर कोई भी परीक्षा क्यों न दें, सफल नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि आज हर विद्यार्थी और व्यक्ति के हाथ में मोबाइल है, लेकिन यदि उसका सही उपयोग करें तो सारा ज्ञान भरा पड़ा है, लेकिन गलत उपयोग कर लिया तो बर्बादी तय है।