
CM RAJE
नागौर।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नागौर दौरे की तैयारियां तेज हो गई है। सीएम राजे के इस दौरे ने नागौर जिले के लोगों की उम्मीदें बढ़ा दी है। लोगों को उम्मीद है कि जायल, डीडवाना, मकराना व लाडनूं में नहरी पेयजल परियोजनाओं का उद्घाटन होने के बाद उन्हें मीठा पानी मिलना शुरू हो जाएगा।
गौरतलब है कि नागौर लिफ्ट कैनाल परियोजना के द्वितीय चरण में सरकार को जापान की जायका ने 3938 करोड़ रुपए दिए हैं। सीएम राजे के दौरे को लेकर डीडवाना में मंत्री युनूस खान व जायल में विधायक मंजू बाघमार तैयारियों को अंतिम रुप दे रहे हैं। प्रशासनिक अमला कोई कमी नहीं रखना चाहता। इस लिहाज से रविवार को भी अधिकारी काम मॆं जुटे हैं।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 1 व 3 मई को जिले के दौरे पर रहेंगी। मुख्यमंत्री राजे जायल में इंदिरा गाँधी नहर परियोजना का लोकार्पण करेंगी। 1 मई से मातासुख पेयजल परियोजना से जुड़े जायल के 120 गांवो में नहरी पानी पहुंचेगा। नहरी पानी के साथ मुख्यमंत्री जायल में सर्किट हाउस व नवीन डामर ग्रामीण सड़क मार्गों का शिलान्यास करेंगी। जायल के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जनसभा होगी।
मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से जायल पहुंचेगी। जायल के कॉलेज ग्राउंड में हेलीपेड बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के जायल दौरे को लेकर क्षेत्रीय विधायक ड़ॉ. मंजू बाघमार ने शनिवार को उपखंड कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विधायक ने हेलीपैड व सभास्थल पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर विधायक बाघमार ने जिला कलक्टर कुमारपाल गौतम के साथ भी उपखंड कार्यालय में बैठक ली। बैठक में एडीएम अशोक कुमार, एसडीएम सुरेंद्र प्रसाद, नहरी परियोजना के अधिकारी मोहनलाल कड़ेला, अनिल जैन, एलएनटी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर,सनिवि के अधिशासी अभियंता श्रवण कुमार,सहायक अभियंता केशाराम पंवार व समस्त विभागों के अधिकारी मौजूद थे। इसके बाद विधायक बाघमार ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर के जायल कस्बे में रविवार से पीले चावल बांटकर जनसभा में आमजन को निमंत्रण दिया जा रहा है।
ये भी होंगे शामिल
कार्यक्रम में सानिवि मंत्री युनुस खान, केंद्रीय राज्यमंत्री सीआर चौधरी, सहकारिता मंत्री अजयसिंह किलक, जलदाय मंत्री सुरेंद्र गोयल,जिला प्रभारी एवं चिकित्सा राज्य मंत्री बंशीधर बाजिया,नावां विधायक विजय सिंह चौधरी, मेड़ता विधायक सुखराम नेतड़िया, मकराना विधायक श्रीराम भींचर, लाडनूं विधायक मनोहर सिंह,परबतसर विधायक मानसिंह किनसरिया,खींवसर के भाजपा नेता भागीरथ मेहरिया, पूर्व जिला प्रमुख बिंदू चौधरी समेत जिलेभर के जनप्रतिनिधि शिरकत करेंगे।
Published on:
29 Apr 2018 03:32 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
