
Kabaddi battle will be held in Kharnal, the winner will get one lakh
नागौर. लोक देवता वीर तेजाजी महाराज के 950वें जन्मोत्सव पर उनकी जन्मस्थली खरनाल में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति के रणजीत धौलिया ने बताया कि तेजाजी के जन्मोत्सव पर खरनाल में 2 से 4 फरवरी तक तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत राष्ट्रीय स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता होगी, जिसमें अलग-अलग राज्यों की टीमें भाग लेंगी और इनमें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी खेलेंगे। साथ ही 4 फरवरी को सुबह 7 बजे लीलण मैराथन का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि तेजाजी की घोड़ी का नाम लीलण था, इसलिए इसी नाम से लीलण मैराथन का आयोजन तेजाजी के जन्मोत्सव पर करवाया जाएगा। मैराथन की दूरी 8 किलोमीटर होगी।
आयोजन समिति के पप्पसा धौलिया ने बताया कि कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता रहने वाली टीम को एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार व तेजाजी का प्रतीक चिह्न प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार उपविजेता को 51 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं लीलण मैराथन में प्रथम रहने वाले को 21 हजार रुपए, द्वितीय को 11 हजार, तृतीय को 5 हजार तथा चार से सातवें स्थान पर रहने वालों को 21 सौ, आठवें से 11वें स्थान तक रहने वालों को 11 सौ रुपए व 12वें से 15वें स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को पांच सौ रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजनकर्ता सुभाष धौलिया ने बताया कि कबड्डी प्रतियोगिता तीन दिन चलेगी व सभी मैच मेट पर होंगे। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में कई कलाकार भी भाग लेंगे। साथ ही देशभर से तेजाजी के भक्त आएंगे। लीलण मैराथन में भाग लेने वाले प्रतियोगियों के लिए जल्द ही एक वेबसाइट जारी की जाएगी, जिसके माध्यम से वे रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
Published on:
26 Jan 2023, 9:35 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.