
नागौर। कहते हैं कि प्यार सरहद की बेड़ियों को तोड़ देता है। कुछ ऐसी ही लव स्टोरी राजस्थान के डीडवाना जिले में सामने आई है। यहां सात समंदर पार से आई एक विदेशी युवती ने डीडवाना के मंडूकरा में हिंदू रीति रिवाज से अपने प्रेमी संग शादी रचाई है। यह शादी इन दिनों जिलेभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों को अमेरिका के कैलिफोर्निया में प्यार हुआ और फिर दोनों ने शादी रचा ली है। इस शादी से दोनों के परिवार वाले भी काफी खुश हैं।
दरअसल, डीडवाना जिले के मंडूकरा गांव का रहने वाले मुकेश गोदारा साल 2017 से अमेरिका की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के रूप में काम कर रहे हैं। इस दौरान उनकी मुलाकात साल 2021 में कैलिफोर्निया की रहने वाली मैरियन गुईडरा से हुई, जो सरकारी टीचर भी है। धीरे—धीरे दोनों की ये मुलाकात प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी का फैसला लिया।
इसके बाद मुकेश गोदारा ने इस बारे में अपने परिजनों को बताया। परिजन भी इस रिश्ते को तैयार हो गए। वहीं, लड़की के घरवालों ने भी इस रिश्ते के लिए हामी भर दी। करीब 6 महीने पहले ही मुकेश ने अमेरिका जाकर मैरियन व उनके परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद अमेरिका में ही दोनों की सगाई हुई।
जिले के मंडूकरा गांव में 26 नवंबर 2024 को दोनों की धूमधाम से शादी हुई। मैरियन अपने माता-पिता, दो भाई और चार दोस्तों के साथ भारत आईं। कुचामन के एक रिसॉर्ट में इनके ठहरने की व्यवस्था की गई। शादी की रस्में मंडूकरा और कुचामन के रिसॉर्ट में पूरी हुई। यहां दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से फेरे लिए। इस दौरान मैरियन ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार लहंगा पहना। ऐसे में अब यह शादी जिलेभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
शादी के बाद मैरियन ने मारवाड़ी परंपराएं निभाई और अपने पति व परिजनों के साथ सालासर बालाजी के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक परिधान में नजर आए। मुकेश और मैरियन की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। यूजर्स भी इस जोड़ी को शादी की शुभकामनांए देने में जुटे हुए हैं।
Updated on:
01 Dec 2024 08:40 pm
Published on:
01 Dec 2024 01:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
