
नागौर। बंदी को नशा पहुंचाने उसकी पत्नी जेल पहुंच गई। वह मुलाकात के बहाने पति को हवाई चप्पल की जोड़ी देने आई थी। लेकिन जांच के दौरान उसकी सारी साजिश पकड़ में आ गई। नई चप्पल के तले में छुपाई गई नशे की सत्तर गोलियां निकली। कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर गोलियां जांच के लिए भेजी गई हैं।
सूत्रों के अनुसार जेल में हमेशा की तरह मंगलवार को बंदियों से परिजन मुलाकात करने आ रहे थे। दोपहर में समस तालाब निवासी नूरजहां कारागार में बंद अपने पति शाहरूख से मिलने आई थी। उसके साथ दो अन्य महिलाएं व दो बच्चे थे। मुख्य द्वार पर एंट्री के बाद पर्ची काटी गई फिर वो मुलाकात कक्ष के बाहर पहुंची। यहां ड्यूटी पर तैनात आरएसी जवान महावीर प्रसाद, स्वरूप राम व जेल महिला प्रहरी कमला रूलानिया ने नूरजहां से अन्य सामान बाहर रखने को कहा।
इस पर नूरजहां ने अलग से थैली में रखी नई चप्पल पति शाहरूख को देने की बात कही। इस पर चप्पल की जांच की गई। स्वरूप राम ने एक चप्पल को मरोड़ कर देखा तो उसमें कुछ होने का शक गहराया। असल में एक चप्पल के दो तले थे, इसमें एक तले को मोड़ने पर कुछ अलग से आवाज आ रही थी। इसके बाद चप्पल को साइड से देखा तो उसका तला चिपका मिला। जैसे ही तले को चाकू से खोला उसमें नशीली गोलियों की खेप मिली।
इसके बाद जेल के बाहर हड़कम्प सा मच गया, जेल उपाधीक्षक पृथ्वी सिंह कविया, जेलर स्वरूप सिंह, आरएसी जाप्ता प्रभारी धन्नाराम, शेखर विश्नोई आदि मौके पर पहुंचे। चप्पल बिल्कुल नई थी और उसे बड़े शातिर तरीके से काटने के बाद गोलियां रखने के लिए जगह बनाई गई थी। गोलियां रखने के बाद तले को फिर से चिपकाया था। एक बारगी देखने से लगता नहीं था कि इसमें कुछ है। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई, एसआई खेताराम व कांस्टेबल राजू गौरान यहां पहुंचे और सामान को जब्त किया।
जेल उपाधीक्षक पृथ्वी सिंह कविया ने नूरजहां समेत तीनों महिलाओं से पूछताछ शुरू की तो कहानी अलग ही सामने आई। नूरजहां ने बताया कि पति शाहरूख ने कुछ दिन पहले फोन पर बताया था कि दिल्ली दरवाजे से उसका मित्र नई चप्पल देने आएगा। उसके पास टाइम नहीं है तो तुम उसे लेकर जेल दे जाना। उसे चप्पल के भीतर छिपी नशीली गोलियों के बारे में कुछ पता नहीं है। वो पति के कहने पर यहां चप्पल देने आई थी। साथ की अन्य महिलाओं ने भी नूरजहां की बात की हामी भरी। इसके बाद शाहरूख से पूछताछ की गई पर उसने भी गोलमोल जवाब दिया।
रोना-धोना शुरू, बच्चों को खिलाए बिस्कुट
पूछताछ के दौरान ही नूरजहां समेत तीनों महिलाओं ने रोना-धोना शुरू कर दिया। वो इस बारे में कुछ भी जानकारी नहीं होने की बात कहती रहीं। इस बीच दोपहर से बैठे दोनों बच्चे भूख से बेहाल हो रहे थे, आरएसी जवान बाबूलाल विश्नोई ने जेल के भीतर से बिस्कुट के पैकेट बच्चों को दिए। कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच एसआई खेताराम को सौंपी गई है।
शाहरूख ने की थी लव मैरिज
शाहरूख को जेल में रहते हुए करीब तीन साल हो गए। गांजा तस्करी के आरोप में वो गिरफ्तार हुआ था। नूरजहां से उसने प्रेम विवाह किया था। अब पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है जिसने चप्पल नूरजहां को सौंपी थी। बताया जाता है कि ये नशे की गोलियां अवैध रूप से मंगाई गई थीं और इनकी कीमत दस हजार से अधिक है।
इनका कहना
तैनात जवानों की चौकसी ने चप्पल के जरिए नशे की गोलियां जेल में पहुंचाने की कोशिश नाकाम कर दी। कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है।
पृथ्वीसिंह कविया, जेल उपाधीक्षक, नागौर
Published on:
04 Apr 2024 04:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
