नागौर. माली समाज के सचिव रामकुंवार खक्कड़ ने कहा कि प्रतियोगिताएं आयोजित कराने से समाज के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच मिलता है। माली समाज संस्था की ओर से अपने खर्च से प्रतियोगिताएं कराएगी। वे जिला मुख्यालय के निकट के गांव ताऊसर के रतनसागर खेल मैदान में माली समाज क्रिकेट प्रीमियर लीग प्रतियोगिता के फाइनल मैच के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिता से हमें काफी कुछ सीखने को मिलता है। समाज में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, केवल उचित मंच मिलना चाहिए। इस दौरान माली समाज के सदस्य देव किशन सोलंकी, फूलचंद टाक, राजेन्द्र सहित समाज के कई युवा मौजूद थे।
ताऊसर रॉयल ने जीता मैच
फाइनल मुकाबला सुबह साढ़े ग्यारह बजे केके इलेवन तथा ताऊसर रॉयल के बीच खेला गया। टॉस कर पहले बल्लेबाजी करते हुए केके इलेवन ने ईश्वर सांखला के 55 रनों से 5 विकेट पर निर्धारित ओवर में 167 रन बनाते हुए 168 रनों का लक्ष्य दिया। ताऊसर इलेवन ने 18 ओवर की 5वीं बॉल में राजेश भाटी के 46 व लालचंद पंवार के 44 रन से 6 विकेट से यह मैच जीत लिया। आयोजकों की ओर से ट्रॉफी सहित अन्य उपहार दिए गए। मैन ऑफ द मैच तथा मैन ऑफ सिरीज राजेश भाटी, बॉलर विवेक गहलोत, बेस्टमैन पवन सांखला को चुना गया। गौरतलब है की माली समाज क्रिकेट प्रतियोगिता 4 फरवरी को शुरू हुई थी।
नहीं आए अतिथि
फाइनल मुकाबले को लेकर आयोजकों ने अतिथियों के स्वागत के लिए तैयारियां की थी लेकिन वो सब धरी की धरी रह गई। जब अतिथि ही नहीं पहुंचे। प्रतियोगिता आयोजक अभिषेक सांखला ने बताया कि अतिथियों से बात करने पर उन्होंने शादियों में व्यस्त होने तथा बीमार होने की बात कहीं।
देखेगी आईपीएल
घोषणा के अनुसार ताऊसर रॉयल जयपुर में होने वाला कोई भी एक आईपीएल मैच देखेगी। कौनसा मैच देखेगी बहुत जल्द घोषणा कर दि जाएगी।
राजेन्द्र सिंह नांदू, सचिव आरसीए