नागौर. राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर मध्यप्रदेश के मण्डला जिले के रामनगर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यक्रम रोल के ग्रामीणों को अटल सेवा केन्द्र पर प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। गांवों के विकास में स्थानीय जन प्रतिनिधियों, सरकारी कार्मिकों, समाजसेवक और आमजन की सक्रिय भागीदारी बढ़ाकर ग्रामीणों को कल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे के लिए भारत सरकार के फील्ड आउटरीच ब्यूरो, जोधपुर की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जागरुकता कार्यक्रम को प्रभावी बनाने में क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी राजेश मीणा, रोल ग्राम सेवक मुख्तयार सिंह, समाजसेवी भींवसिंह ने सहयोग किया । जल संरक्षण और वर्षा जल संग्रहण का महत्व बताते हुए क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी मीणा ने कहा कि घटती बरसात और गिरते भूजल स्तर के कारण जीवन का आधार पानी का सदुपयोग करना हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। गर्मियों में कम से कम 4 या 5 महीने का पानी सबके पास उपलब्ध रहना चाहिए। इसे हम घरेलू एवं सामुदायिक स्तर पर संभव बना सकते हैं। हम घर की छत को टांके से जोड़कर, एनिकट, तालाब, कुओं और बावडिय़ों में वर्षा जल का संग्रहण कर सकते हैं।