गौरतलब है कि करीब साढ़े 5 सौ करोड़ के प्रोजेक्ट के तहत एनएच-65 पर सालासर-नागौर सेक्शन की करीब 120 किलोमीटर सड़क को फोरलेन में बदलना है। यह सड़क सालासर से नागौर के विजय वल्लभ चौराहे तक 100 फीट चौड़ी होनी है, लेकिन बस स्टैण्ड से डीडवाना बाइपास तक सड़क के दोनों तरफ पर्याप्त जगह नहीं होने पर एनएचएआई ने जमीन अधिगृहीत की थी, जिसमें काफी पक्के निर्माण भी शामिल थे। ज्यादातर लोगों ने फरवरी में प्रशासन द्वारा नोटिस देने के बाद पक्के निर्माण अपने स्तर पर हटा लिए, जबकि रोडवेज बस स्टैण्ड के सामने बने होटल व गेस्ट हाउस के मालिकों ने निर्माण कार्य हटाए नहीं थे, जिसके चलते सड़क चौड़ाईकरण का काम भी अटक गया था। रविवार को एनएचआई की टीम तहसीलदार शंकरसिंह राठौड़ व पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे तथा बहुमंजिला इमारतों को तोडऩे की कार्रवाई शुरू की। होटल व गेस्ट हाउस की ऊंची इमारतों को तोडऩे के लिए एनएचआई ने इंदौर से स्पेशल कटर मशीन मंगवाई, जिसे इमारत की छत पर ले जाने के लिए क्रेन की सहायता लेनी पड़ी। स्पेशल कटर मशीन ने इमारत को ऊपर से काटना शुरू किया। इस दौरान जेसीबी से इमारतों की बालकनी आदि तोडऩे का काम भी दिनभर चला।