चाहे घर की रसोई में बना खाना हो या 7 स्टार होटल की स्पेशल रेसिपी या फिर किसी इंटरनेशनल फूड चेन का फूड, नागौरी पान मैथी (कसूरी मैथी) के बिना जायका अधूरा लगता है। पान मैथी की खुशबू ही ऐसी है, जो हर सब्जी और खाने का जायका बदल देती है। यही वजह है कि नागौर में उगाई जाने वाली पान मैथी की हरी सूखी पत्तियां आज देश ही नहीं विदेशों में भी अपनी महक बिखेर रही है।
नागौर कृषि विभाग के अनुसार जिले में इस बार करीब 7 हजार हैक्टेयर में मैथी की बुआई हुई है, जिसमें कुचामन सिटी डिविजन में 1709 हैक्टेयर में तथा मेड़ता सिटी डिविजन में 5200 हैक्टेयर में मैथी की बुआई हुई है। कुचामन सिटी क्षेत्र में देसी मैथी की बुआई होती है, जबकि मेड़ता क्षेत्र में ज्यादातर पान मैथी की बुआई होती है, ऐसे में यदि देखा जाए तो इस वर्ष करीब 5 हजार हैक्टेयर में पान मैथी की बुआई की गई है, जो पिछले साल की तुलना में अधिक है। मैथी की बुआई के समय व्यापारियों ने मैथी के भाव काफी ऊंचे रखे, जिसको देखते हुए किसानों ने बड़े स्तर पर बुआई कर दी, लेकिन अब भावों में गिरावट आ गई है, ऐसे में किसान थोड़ा मायूस भी हैं।