
MLA Hanuman beniwal start public meeting for Sikar Hunkar Relly
नागौर. खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल बुधवार को सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। जहां उन्होंने आगामी 10 जून को होने वाली किसान हुंकार रैली के लिए 2 दर्जन गांवों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया और हुंकार रैली के लिए समर्थन मांगा। रैली के लिए किए जा रहे जनसम्पर्क के दौरान विधायक बेनीवाल का जगह-जगह घोडिय़ों पर बैठाकर स्वागत किया जा रहा है।
बेनीवाल ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित नुक्कड़ सभाओं के संबोधन में कहा कि शेखावाटी देश और प्रदेश की राजनीति में बहुत बड़ी भूमिका रखती है। आजादी से पहले की बात हो या आजादी के बाद की, सीकर सहित शेखावाटी के किसानों ने अग्रणी भूमिका निभाई और आजादी की लड़ाई से अब तक प्रदेश में अगर सबसे ज्यादा शहादत किसी ने दी तो शेखावाटी के जवानों ने दी। बेनीवाल ने वर्तमान सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इनकी नीतियों में किसान व गरीब के उत्थान के लिए कोई जगह नहीं है और यही वजह है कि किसान और गरीब और अधिक पिछड़ गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जीडीपी तक के आंकड़े झूठे दिखा दिए, जिसका खुलासा खुद भाजपा के वरिष्ठ नेता कर चुके हैं।
बेनीवाल ने कहा की पिछले 3 दिनों से सीकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में देर रात तक दौरे कर रहा हूं और 36 कौम के लोगों का जो उत्साह और उल्लास देखने को मिला, वो यह साबित कर रहा है कि जनता व्यवस्था परिवर्तन करने को उत्सुक है। उन्होंने 10 जून को प्रस्तावित रैली के लिए समर्थन मांगा।
कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाने में नाकाम
बेनीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की बड़ी महत्पूर्ण जिम्मेदारी होती है लेकिन कांग्रेस ने 4 सालों में किसानो के लिए जनता के हितों के लिए कोई बड़ा आंदोलन नहीं किया और 2 दर्जन विधायकों में से एक दर्जन विधायक खुद को भावी मुख्यमंत्री बता रहे हैं तो कुछ ने मंत्रिमंडल तक बांट लिया और विधानसभा में भी कांग्रेस ने खुद की जिम्मेदारी नहीं निभाई और भाजपा के मंत्रियों से गठजोड़ करके मूल मुद्दों से सदन का ध्यान भटकाया।
गुरुवार को रहेंगे इन स्थानो के दौरे पर
खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल गुरुवार को सीकर जिले के श्यामपुरा, भोजा की ढाणी, टोडी, सांगरवा, पलासरा, बराल, राजपुरा, नांगल, गुडा, अजबपुरा, जुराठड़ा, पलसाना, अखेपुरा, किशनपूरा, शिश्यु, अंबेडकर नगर व लोसल आदि क्षेत्रों में दौरा कर जनसम्पर्क करेंगे।
Published on:
24 May 2018 12:05 pm
