
Bihar CM Nitish Kumar On 31 death due to Poisonous Liquor
Death due to Poisonous Liquor: बिहार में जहरीली शराब से मौत पर सियासत तेज है। इधर मरने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार सुबह सामने आई जानकारी के अनुसार बिहार के छपरा जिले में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 38 हो गई। अभी भी कई लोगों की हालत गंभीर है, जो छपरा सदर अस्पताल के साथ-साथ अन्य हॉस्पिटलों में इलाजरत है। मरने वालों के घर में कोहराम मचा है। किसी का बेटा, किसी का पति तो किसी का कमाऊ भाई की मौत हो गई है। इस घटना से कई गांवों में मातम पसरा रहा है। इधर बिहार सरकार के मंत्री समीर महासेठ का बेतुका बयान सामने आया है। समीर महासेठ ने जहरीली शराब से हो रही मौत के मामले में बेतुका बयान देते हुए कहा कि पावर बढ़ाओ... सब बर्दाश्त कर लोगे। मंत्री के बयान के बाद अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने साफ कहा कि जो शराब पिएगा वो मरेगा।
छपरा जिले में जहरीली शराब पीने से बीते दो दिनों में बिहार में 38 लोगों की मौत हो गई है। इसपर विधानसभा में विपक्षी दल विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्षी दलों के हंगामे के बीच आज नीतीश कुमार ने शराब से हुई मौत बड़ा असंवेदनशील बयान दिया, उन्होंने कहा कि शराब को लेकर लोग खुद सचेत रहें। जो शराब पिएगा वो मरेगा।
नीतीश कुमार ने आगे कहा कि विपक्ष शराब के मुद्दे पर राजनीति कर रहा है। बिहार में शराबबंदी से पहले भी जहरीली शराब से लोग मरते थे। देशभर में जहरीली शराब से लोग मरते हैं, यह कोई नई बात नहीं है। नीतीश ने आगे कहा कि पिछली बार जब बिहार में जहरीली शराब से मौत हुई थी, तब कुछ लोगों ने मुआवजे की बात कही थी। लेकिन जो शराब पिएगा वो मरेगा। इसमें मुआवजे की कोई बात नहीं है। शराब नहीं पीने को लेकर लोगों को खुद सतर्क रहना चाहिए।
दरअसल छपरा में जहरीली शराब से हो रही मौत के बीच बिहार सरकार के मंत्री समीर महासेठ हाजीपुर में एक खेल कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। जहां उन्होंने पत्रकारों द्वारा सवाल पूछे जाने पर कहा कि खेलकूद से पावर बढ़ाओ, जहरीली शराब बर्दाश्त कर लोगे। आरजेडी कोटे से नीतीश कैबिनेट में शामिल मंत्री समीर महासेठ ने आगे कहा कि लोग खूब दौड़ें, खूब खेलें और शरीर बनाएं. शराब जैसी चीजों का त्याग करें।
मंत्री ने आगे कहा कि बिहार में एक नंबर की दारू नहीं आ रही है। यहां शराब नहीं जहर आ रहा है, कृपया लोग न पिएं। अगर लोग जहर पी कर मर रहे हैं तो गलत कर रहे हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार की तरफ से यह प्रचार कर दें कि बिहार में शराब नहीं जहर आ रही है तो लोग पीना छोड़ देंगे। सरकार अपना काम कर रही है।
यह भी पढ़ें - जहरीली शराब से मौत: नीतीश ने BJP विधायकों को कहा- शराबी हो तुम लोग
इधर छपरा में जहरीली शराब से अब तक 30 लोगों की मौतें हो गई हैं। छपरा सदर अस्पताल में 6 लोगों का इलाज अब भी जारी है। सभी की हालत गंभीर बनी हुई है। 24 से ज्यादा लोग अलग-अलग प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं। मौत का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है। अब तक 22 शवों का पोस्टमार्टम हुआ।
कई लोगों ने शवों का चोरी चुपके भी अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस ने अब तक 20 लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ जारी है। लोगों में अपनों को खोने का गम तो है ही साथ ही कानूनी कार्रवाई की डर से भी लोग दहशत में है।
यह भी पढ़ें - बिहार में जहरीली शराब से मौत पर हंगामा, विधानसभा में गुस्से से लाल हुए CM नीतीश कुमार
Updated on:
15 Dec 2022, 12:44 PM IST
Published on:
15 Dec 2022, 9:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.