
Tourism: वस्त्र नगरी सूरत में अरब सागर किनारे जल्द पर्यटकों को जंगल का अहसास मिलेगा। आदिवासी समुदाय में प्रचलित भोजन के साथ ग्रामीण परिवेश की खुशबू मिलेगी। शहर के नजदीक डुमस में समुद्र किनारे वन विभाग सिटी फॉरेस्ट थीम पर इको टूरिज्म साइट बना रहा है। करीब 4.30 हेक्टेयर जमीन पर बन रहे इस पर्यटन स्थल पर सैलानियों को बर्ड पार्क, एक्वेरियम और दक्षिण गुजरात के जंगलों में घूमने जैसी अनुभूति होगी। वन विभाग की मानें तो दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक नगर वन को सैलानियों के लिए खोल दिया जाएगा। यहां एक ग्रामीण मॉल भी बनाया गया है, जिसमें आदिवासियों द्वारा बनाए गए उत्पाद, बांस और शहद की विभिन्न किस्में मिलेंगी। लकड़ी के छोटे-छोटे गजेबो भी बनाए गए हैं, जहां बैठकर लोग समुद्र तट का आनंद ले सकते हैं।
जिला वन अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि डुमस समुद्र तट पर इको टूरिज्म की अनुभूति के लिए सिटी फॉरेस्ट साइट बनाई गई है। एक साल से चौपाटी के निकट समुद्र तट पर नगर वन का काम चल रहा है। यहां लोगों को प्रकृति के साथ रहने का मौका मिलेगा। आदिवासी भोजन के शौकीनों के लिए यहां वनश्री रेस्टोरेंट बनाया गया है, जहां आदिवासियों के सारे व्यंजन मिल सकेंगे।
नगर वन में 20,000 पेड़-पौधे लगाए गए हैं। लोग विदेशी पक्षी पार्क के साथ-साथ यहां मछलीघर का भी आनंद ले सकेंगे। पूरे क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त किया गया है। लोग यहां प्लास्टिक के साथ प्रवेश नहीं कर सकते। लोगों को ग्रामीण परिवेश जैसा अहसास कराने के लिए बैलगाडिय़ां रखी गई हैं।
Updated on:
12 Dec 2024 03:28 pm
Published on:
12 Dec 2024 03:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
