
अमेरिकी हमले में मारे गए आदित्य शर्मा (फोटो- ANI)
Aditya Sharma killed in US attack: ओमान के तट और होर्मुज के समीप एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हुई है। हमले में मारे गए आदित्य शर्मा के पिता राजेश शर्मा ने बेटे के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने की मांग की है।
आदित्य के पिता राजेश शर्मा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार से मेरी बार-बार यही गुजारिश है कि मेरे बच्चे का पार्थिव शरीर यहां लाया जाए, ताकि हम उसका अंतिम संस्कार कर सकें। उन्होंने कहा कि इस मामले में मैंने स्थानीय सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से भी बातचीत की है। मैंने पूर्व सीएम अनुराग ठाकुर से भी बात की है। मौजूदा सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने फोन पर आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द आदित्य का पार्थिव शरीर देश लाया जाएगा। राजेश शर्मा ने आगे बताया कि हमने सभी जरूरी दस्तावेज विदेश मंत्रालय को भेज दिया है। वहां से ये सभी जानकारी ओमान में भारतीय दूतावास और ओमान सरकार को भेज दी गई है।
आदित्य की मौत के बाद हमीरपुर स्थित उनके पैतृक आवास पर मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आदित्य शर्मा उन तीन भारतीय नाविकों में से एक थे जो हमले के बाद शुरू में लापता हो गए थे। 11 जून को उन्हें आधिकारिक तौर पर मृत घोषित कर दिया गया।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जहाज पर हुए हमले की निंदा की थी। मंत्रालय ने बताया था कि जहाज पर मौजूद 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीयों के लापता होने की सूचना है। मंत्रालय ने इस मामले में अमेरिकी राजदूत को तलब भी किया था।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि हम ओमान तट के पास वाणिज्यिक जहाज MT Settebello पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर मौजूद 24 भारतीयों में से 21 को अब तक सुरक्षित बचा लिया गया। ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
मंत्रालय ने क्षेत्र में बढ़ते समुद्री हमलों पर चिंता जताते हुए कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और क्षेत्रीय संघर्षों का सीधा परिणाम है। भारत ने सभी पक्षों से तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी वार्ताओं को जल्द सफल बनाने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके।
Updated on:
12 Jun 2026 12:05 pm
Published on:
12 Jun 2026 12:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
