
कांग्रेस का अहमदाबाद के सरदार भवन में दो दिवसीय अधिवेशन आज से शुरू होगा
AICC session in Gujarat: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की धरती अहमदाबाद में मंगलवार से कांग्रेस (Congress) का 86 वां अधिवेशन आरंभ होगा। पार्टी दो दिन मनोमंथन के दौरान भविष्य का रोड मैप तैयार करेगी। इसमें देश भर के कांग्रेस के नेताओं का जमावड़ा लगेगा। कांग्रेस उस राज्य में 64 वर्ष बाद अपना अधिवेशन कर रही है जहां पर पार्टी पिछले तीन दशक से सत्ता से बाहर है। तीन दशक से गुजरात में सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस राज्य के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने के लिए राष्ट्रीय अधिवेशन कर रही है।
भावनगर में वर्ष 1961 में हुए अधिवेशन के बाद मंगलवार एवं बुधवार को अहमदाबाद में राष्ट्रीय अधिवेशन होगा। अधिवेशन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। कई शीर्ष नेताओं का आना भी शुरू हो गया है। अधिवेशन के तहत मंगलवार को शहर के शाहीबाग स्थित सरदार पटेल स्मारक भवन में सुबह 11.30 बजे से कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक होगी। पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी, पार्टी के संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यों के प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष (पीसीसी), सीडब्ल्यूसी के सदस्य व विशेष आमंत्रित समेत 170 डेलीगेट हिस्सा लेंगे।
इसके बाद शाम करीब पांच बजे पार्टी के नेता गांधी आश्रम में प्रार्थना सभा में उपस्थित रहेंगे। रात पौने आठ बजे रिवरफ्रंट इवेंट सेंटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी होगा। साबरमती तट पर स्थित इवेंट सेंटर पर ही बुधवार सुबह नौ बजे अधिवेशन होगा जिसमें देश भर के दो हजार से अधिक नेता भाग लेंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया व पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन पवन खेरा ने बताया कि अधिवेशन में पार्टी के भीतर या बाहर के विचारों के मतभेदों पर चर्चा होगी। साथ ही जनता की समस्याओं को जानने और उसे जनता को अवगत कराने के तरीकों पर भी मंथन होगा।
गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल व संसदीय दल के नेता अमिच चावड़ा ने कहा कि अधिवेशन को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसे लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह है।
इस अधिवेशन में गुजरात से जुड़ा प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा। गुजरात में पार्टी पिछले तीन दशकों से सत्ता से बाहर है। पार्टी ने राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए गुजरात की धरती को चुना है जहां पर भाजपा लगातार सत्ता में बने हुए है। पार्टी के गुजरात में अधिवेशन से यहां के कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
सुूबह 11:30 बजे: कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यू) की बैठक
शाम 05:00 बजे: गांधी आश्रम में प्रार्थना सभा
रात 07:45 बजे: साबरमती तट के रिवरफ्रंट इवेंट सेंटर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
सुबह 9 बजे: साबरमती तट पर कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन
ये मुख्य नेता रहेंगे मौजूद
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी
संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल
कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी
कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम:
कर्नाटक: सिद्धरमैया
तेलंगाना-रेवंत रेड्डी
हिमाचल प्रदेश- सुखविंदर सिंह सुक्खू
दो दिवसीय कांग्रेस के अधिवेशन में सबसे बड़ा 210 सदस्यों का प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश से भाग लेगा। राजस्थान से 68 सदस्यों का प्रतिनिधि मंडल हिस्सा ले रहा है। मध्य प्रदेश से 97 और छ्त्तीसगढ़ से 53 सदस्य हिस्सा लेंगे। इनमें सदस्य व आमंत्रित सदस्य दोनों शामिल हैं।
राज्य आमंत्रित सदस्यों की संख्या
उत्तर प्रदेश 210
तमिलनाडु 113
कर्नाटक 100
मध्यप्रदेश 97
पश्चिम बंगाल 87
राजस्थान 68
केरल 61
आंध्र प्रदेश 58
दिल्ली 54
झारंखड़ 54
छत्तीसगढ़ 53
पंजाब 45
तेलंगाना 44
असम 42
उत्तराखंड 40
हिमाचल 18
मणिपुर 16
मेघालय 10
Updated on:
08 Apr 2025 02:47 pm
Published on:
08 Apr 2025 07:58 am
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
