
Akasa Air (Image: Akasa Air)
Akasa Air Flight Suspension : मुंबई। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अकासा एयर ने सऊदी अरब के दो प्रमुख शहर रियाद और जेद्दा के लिए अपनी उड़ानों का निलंबन 27 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। एयरलाइन ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। कंपनी ने कहा कि यह फैसला क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति का आकलन करने के बाद लिया गया है।
एयरलाइन के अनुसार, यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी मध्य पूर्व के हालात पर लगातार नजर रख रही है और स्थिति का वास्तविक समय में आकलन कर रही है। उड़ानें दोबारा शुरू करने को लेकर आगे का फैसला हालात की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
अकासा एयर ने उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को राहत देते हुए पूरा रिफंड लेने या बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प दिया है। कंपनी के मुताबिक, रिफंड की राशि मूल भुगतान माध्यम से सात दिनों के भीतर वापस कर दी जाएगी। जिन यात्रियों ने ट्रैवल एजेंट या अन्य ट्रैवल पार्टनर के माध्यम से टिकट बुक किए हैं, उन्हें रिफंड या रीशेड्यूलिंग में सहायता के लिए संबंधित एजेंट या पार्टनर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
एयरलाइन ने कहा कि मध्य पूर्व में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए रियाद और जेद्दा से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 27 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी। कंपनी ने दोहराया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही आगे के फैसले लिए जाएंगे। यात्रियों को अपनी यात्रा से जुड़ी जानकारी और टिकट में बदलाव के लिए अकासा एयर या संबंधित ट्रैवल पार्टनर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
Updated on:
18 Oct 2026 05:37 pm
Published on:
18 Oct 2026 05:33 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
