
मंत्री राम कृपाल यादव और प्रतुल शाहदेव। फोटो-IANS
NDA Leaders Targeted Rahul Gandhi: केंद्रीय गृह मंत्रीअमित शाह के बयान, 'गुजरात में बैलेट पेपर से वोटिंग हुई, कांग्रेस फिर भी हारी' को लेकर बिहार और झारखंड के NDA नेताओं ने कांग्रेसपर निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।पटना में बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने अमित शाह के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि राहुल गांधी को भाजपा से सीखना चाहिए कि पार्टी किस तरह काम करती है। उन्होंने कहा कि अमित शाह की यह बात सही है और राहुल गांधी को भाजपा के काम करने के तरीके को समझना चाहिए।
राम कृपाल यादव ने कहा कि भाजपा गुजरात सहित अन्य स्थानों पर स्थानीय निकाय चुनावों और उपचुनावों में जीत हासिल कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने केंद्र और राज्यों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम पर भरोसा जताया है और मोदी सरकार 2029 में फिर से सत्ता में आएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने पटना में कहा कि कांग्रेस की हार का चुनाव प्रक्रिया से कोई संबंध नहीं है। उनके मुताबिक, चुनाव बैलेट पेपर से हो या EVM से, कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ रहा है।गुरु प्रकाश ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल से पहले भी कांग्रेस चुनाव हार रही थी और उनके बाद भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ, पंजाब विश्वविद्यालय छात्र संघ और असम के सिलचर का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां बैलेट पेपर से चुनाव होने के बावजूद कांग्रेस हार गई। उन्होंने आरोप लगाया कि असली समस्या कुछ परिवारों की ठेकेदारी और सामंतवादी मानसिकता है, जो अपना वर्चस्व बनाए रखना चाहते हैं।
जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि चुनाव में जीत या हार बैलेट पेपर अथवा ईवीएम से तय नहीं होती, बल्कि जनता के लिए किए गए काम से तय होती है। उन्होंने गुजरात के निकाय चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि मतदान का माध्यम चाहे जो हो, जीत उसी की होती है जो जनता के बीच सक्रिय रहता है और लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए काम करता है।
राजीव रंजन के मुताबिक, जनता उन नेताओं और पार्टियों पर भरोसा करती है, जिनके काम और उपलब्धियों का असर लोगों की जिंदगी पर दिखाई देता है।
झारखंड की राजधानी रांची में भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने अमित शाह के बयान को आई-ओपनिंग स्टेटमेंट बताया। उन्होंने राहुल गांधी पर एसआईआर यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का विरोध करने को लेकर निशाना साधा।
प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एसआईआर के मुद्दे पर विरोध करके बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह सरकार राहुल गांधी के सहयोग से चल रही है।
प्रतुल शाहदेव ने दावा किया कि झारखंड की मतदाता सूची में तीन अफगानी नागरिकों के नाम भी शामिल थे। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया चल रही है, तो राहुल गांधी को इस पर आपत्ति क्यों है। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने घुसपैठियों को अपना वोट बैंक बना लिया है।
अमित शाह के गुजरात में बैलेट पेपर से मतदान और कांग्रेस की हार संबंधी बयान के बाद बिहार और झारखंड के एनडीए नेताओं ने चुनावी हार, राजनीतिक नेतृत्व और मतदाता सूची के मुद्दों पर कांग्रेस को घेरा है। इन नेताओं ने एक सुर में कहा कि चुनाव जीतने के लिए जनता का भरोसा और उसके लिए किया गया काम महत्वपूर्ण है, न कि मतदान का माध्यम।
Updated on:
14 Oct 2026 02:55 pm
Published on:
14 Oct 2026 02:13 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
