
Anant Singh
Anant Singh Controversy: पटना स्नातक विधान परिषद (MLC) चुनाव के प्रचार के दौरान मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के एक बयान ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के लिए प्रचार करते हुए अनंत सिंह ने दावा किया कि अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत में जब वे नीतीश कुमार के साथ जुड़े थे, तब उन्होंने नौ लोगों की हत्या करवाई थी। विवाद बढ़ने पर उन्होंने सफाई दी कि उनका मतलब यह था कि लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल के दौरान उनके नौ साथियों की हत्या कर दी गई थी, क्योंकि वे नीतीश कुमार का समर्थन करते थे। इस पर राजद नेता शक्ति सिंह यादव ने नीतीश कुमार और जदयू पर निशाना साधा।
अनंत सिंह के बयान पर RJD के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि यह कोई सामान्य बयान नहीं है, बल्कि नौ लोगों की हत्या का कबूलनामा है। उन्होंने सवाल उठाया कि ये हत्याएं किसके कार्यकाल में हुईं और किसके राजनीतिक फायदे के लिए की गईं। शक्ति सिंह ने कहा कि पार्टी के दबाव के कारण भले ही अनंत सिंह अब अपनी बात से पीछे हट रहे हों, लेकिन सच यही है कि नीतीश कुमार ने बिहार में अपनी सत्ता की नींव मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, वैशाली और मोकामा के कुख्यात अपराधी गिरोहों का साथ लेकर ही रखी थी।
RJD प्रवक्ता ने कहा कि अगर किसी विपक्षी नेता ने ऐसा बयान दिया होता, तो अब तक उसका नार्को एनालिसिस टेस्ट हो चुका होता और मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया होता। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह द्वारा इस कड़वे सच को सामने लाने के बाद JDU नेता हैरान रह गए और चुप हो गए।
शक्ति सिंह ने आरोप लगते हुए कहा कि नीतीश कुमार के तथाकथित सुशासन और जीरो टॉलरेंस नीति का सच यह है कि डाकबंगला चौराहे पर सरेआम चीरहरण से लेकर मधुबनी नरसंहार तक में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई गईं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की राजनीति हमेशा से अपनों को बचाने और गैरों को फंसाने की रही है।
शुक्रवार को न्यूज एजेंसी IANS से बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा था कि पार्टी में किसी और नेता ने नीतीश कुमार के लिए उतने बलिदान नहीं दिए हैं, जितने उन्होंने दिए हैं। अनंत सिंह ने कहा कि वे नीतीश कुमार के साथ तब से खड़े रहे हैं और उन्होंने तब बड़े जोखिम उठाए थे, जब नीतीश कुमार ने खुद को स्थापित भी नहीं किया था और संघर्ष कर रहे थे। इसी दौरान अनंत सिंह ने 9 मर्डर करने वाली बात भी कही। बयान वायरल होने के बाद उन्होंने सफाई भी दी है।
Updated on:
17 Oct 2026 10:46 am
Published on:
17 Oct 2026 10:46 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
