असम यूथ कांग्रेस की प्रमुख अंगकिता दत्ता को छह साल के लिए कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया है। कांग्रेस ने अंगकिता दत्ता को यह सजा भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी और सचिव प्रभारी वर्धन यादव पर उत्पीड़न का आरोप लगाने के एवज में दी है। अंगकिता दत्ता को पार्टी से निष्कासित करने के कांग्रेस के फैसले की आलोचना करते हुए भाजपा ने प्रियंका गांधी को उनके नारे 'लड़की हूं,लड़ सकती हूं' की याद दिलाते हुए कटाक्ष किया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने अंगकिता दत्ता को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित करने के कांग्रेस नेता तारिक अनवर द्वारा जारी पत्र को साझा करते हुए ट्वीट कर कहा, लड़की हूं लड़ सकती हूं! पर, कांग्रेस में नहीं!