
सतीश जरकीहोली ने हमारी प्राचीन संस्कृति को बदनाम किया, जनता देगी इसका जवाब : अरुण सिंह
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के सचिव सतीश जारकीहोली ने सोमवार को यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि 'हिंदू' भारतीय शब्द नहीं है, बल्कि फारसी का है। इसके बाद बेंगलुरु में कर्नाटक के भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। अरुण सिंह ने कांग्रेस के सतीश जारकीहोली को आइना दिखाते हुए कहाकि, कांग्रेस हमेशा हमारी प्राचीन संस्कृति के बारे में बुरा बोलती है। जनता इसका जवाब देगी। सतीश जारकीहोली के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया में हंगामा हो गया है। कुछ फॉलोवर्स ने जमकर निशाना साधा।
अगर कांग्रेस की नीयत साफ है, तो तुरंत बाहर कर दें - कर्नाटक भाजपा प्रभारी
भारतीय संस्कृति और खासतौर पर 'हिंदू' शब्द को लेकर दिए कांग्रेस नेता के बयान पर भाजपा नेताओं ने अपनी नाराजगी दिखाई। बेंगलुरु में कर्नाटक भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने कांग्रेस पर सीधे-सीधे हमला बोला, कहाकि, कांग्रेस हमेशा हमारी प्राचीन संस्कृति के बारे में बुरा बोलती है। सतीश जरकीहोली ने हमारी प्राचीन संस्कृति को बदनाम किया है। यह बेहद निंदनीय है। जनता इसका जवाब देगी। अगर कांग्रेस की नीयत साफ है, तो उन्हें तुरंत बाहर कर देना चाहिए।
'हिंदू' भारतीय शब्द नहीं - सतीश जारकीहोली
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के सचिव सतीश जारकीहोली ने सोमवार को यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि 'हिंदू' भारतीय शब्द नहीं है, बल्कि फारसी का है। निप्पनी शहर में एक सभा को संबोधित करते हुए जारकीहोली ने कहा, हिंदू शब्द कैसे हमारा हो गया, इस पर बहस की जरूरत है। हिंदू शब्द ईरान, इराक और कजाकिस्तान से संबंधित फारसी है। यह भारतीय कैसे हुआ? विकिपीडिया में देखें, यह शब्द फारस से आया है, यह हमारा नहीं है।
जारकीहोली के खिलाफ कार्रवाई की मांग - भाजपा
जारकीहोली की ओर से की गई टिप्पणियों पर भाजपा और हिंदू कार्यकर्ताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा नेता प्रकाश शेषराघवचर ने कहा कि, कांग्रेस हमेशा बहुसंख्यक समुदाय पर हमला करने में आनंद लेती है। उन्होंने जारकीहोली के खिलाफ पार्टी द्वारा कार्रवाई की मांग की है।
Updated on:
8 Nov 2022, 9:45 AM IST
Published on:
8 Nov 2022, 9:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.