
Maharashtra-Jharkhand Assembly Elections: महाराष्ट्र विधान चुनाव के लिए सभी 288 सीटों पर और झारखंड में दूसरे चरण के लिए 38 सीटों पर मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। इनके अलावा कई राज्यों में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने झारखंड में केंद्रीय बलों पर आदिवासियों को डराने का आरोप लगाया है। पार्टी ने ट्वीट कर कहा है कि क्या केंद्रीय सुरक्षा बलों को बोरियो विधानसभा समेत संथाल परगना में आदिवासियों को आतंकित करने के लिए लगाया गया है?
महाराष्ट्र की 288 सीटों के लिए 20 नवंबर को एक ही चरण में मतदान हो रहा है। राज्य की 288 सीटों पर कुल 4,140 उम्मीदवार मैदान में हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, चुनावी अखाड़े में उतरने वाले कुल उम्मीदवारों का आंकड़ा 2019 विधानसभा चुनाव लड़ने वाले 3,239 उम्मीदवारों से 28 फीसदी अधिक है। राज्य के कई दिग्गज नेताओं, जैसे शरद पवार, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उनके पूर्ववर्ती उद्धव ठाकरे, डिप्टी सीएम अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस, की प्रतिष्ठा दांव पर है।
झारखंड की कुल 81 विधानसभा सीटों में से 38 पर आज मतदान जारी है। यहां पहले चरण में 43 सीटों पर मतदान हो चुके हैं। दूसरे और अंतिम चरण में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन (दोनों झामुमो) और विपक्ष के नेता अमर कुमार बाउरी (भाजपा) के अलावा 500 से अधिक अन्य उम्मीदवारों के चुनावी मैदान में उतरे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र और झारखंड के नागरिकों से भी बढ़-चढ़कर मतदान की अपील की है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि आज महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की सभी सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। राज्य के मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ इसका हिस्सा बनें और लोकतंत्र के उत्सव की रौनक बढ़ाएं।
उत्तर प्रदेश: 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव
—फूलपुर
—गाजियाबाद
—मझवां
—खैर
—मीरापुर
—सीसामऊ
—कटेहरी
—करहल
—कुंदरकी
पंजाब: 4 विधानसभा सीटें
—डेरा बाबक नानक
—छब्बेवाल
—गिद्दड़बाहा
—बरनाला
केरल: 1 विधानसभा सीट
—पलक्कड़
उत्तराखंड: 1 विधानसभा सीट
—केदारनाथ
महाराष्ट्र: 1 लोकसभा सीट
—नांदेड़ लोकसभा
Updated on:
20 Nov 2024 08:08 am
Published on:
20 Nov 2024 08:08 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
