
भोपाल: 12 दिवसीय स्वदेशी मेले का होगा आयोजन। फोटो-IANS
Bhopal Swadeshi Mela 2026: मध्य प्रदेशकी राजधानी भोपाल में 23 अक्टूबर से 12 दिवसीय स्वदेशी मेले का आयोजन किया जाएगा। एमवीएम मैदान में लगने वाले इस मेले में ‘लोकल फॉर वोकल’ और आत्मनिर्भर भारत की झलक देखने को मिलेगी। मेले में 200 से ज्यादा स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसका आयोजन स्वदेशी जागरण मंच और स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
इस स्वदेशी मेले का मुख्य उद्देश्य भारतीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना और समाज में स्वावलंबन की भावना को मजबूत करना है। आयोजकों के मुताबिक, मेले के जरिए स्थानीय कारीगरों, बुनकरों, शिल्पकारों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच मिलेगा।
इसके अलावा, युवाओं, महिलाओं और नए उद्यमियों को उद्यमिता तथा आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। मेले के माध्यम से उपभोक्ताओं को भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता, विविधता और उपयोगिता से भी परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
मेला आयोजन समिति के संयोजक सतीश विश्वकर्मा ने कहा कि स्वदेशी मेला केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि ‘लोकल फॉर वोकल’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने का महाअभियान है।
उन्होंने बताया कि भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, उत्पादकों तथा उपभोक्ताओं की भागीदारी से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय उद्यमियों को अपने कारोबार के विस्तार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में उद्यमिता को नई दिशा मिलेगी।
भोपाल में आयोजित होने वाला यह मेला केवल खरीदारी और व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं के उत्सव के रूप में भी मनाया जाएगा। मेले में हर दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही स्कूली बच्चों के कार्यक्रमों और युवाओं के लिए नाटक एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा। इन गतिविधियों के जरिए नई पीढ़ी में भारतीय उत्पादों के प्रति रुचि बढ़ाने और स्वदेशी विचार को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
Updated on:
10 Oct 2026 04:20 pm
Published on:
10 Oct 2026 04:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
