29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / अनंत सिंह और आनंद मोहन के बाद अब किस बाहुबली की बारी? राजबल्लभ यादव को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस; अशोक महतो पर भी निगाहें

अनंत सिंह और आनंद मोहन के बाद अब किस बाहुबली की बारी? राजबल्लभ यादव को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस; अशोक महतो पर भी निगाहें

सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह की जमानत निलंबित कर उन्हें सरेंडर करने और आनंद मोहन की सजा माफी रद्द कर जेल लौटने का आदेश दिया है। जिसके बाद अब नवादा के पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

पटना

•

image

Anand Shekhar

•

Updated: 29 Nov 2026, 11:01 AM IST

Bihar Bahubali Leaders

अनंत सिंह, आनंद मोहन, राजबल्लभ यादव और अशोक महतो

Bihar Bahubali Leaders: बिहार की राजनीति में एक बार फिर कानूनी मामलों को लेकर बाहुबली नेताओं के नाम चर्चा में हैं। पिछले एक महीने में सुप्रीम कोर्ट ने मोकामा के विधायक अनंत सिंह की जमानत रद्द कर दी है और उन्हें सरेंडर करने का निर्देश दिया है। वहीं, पूर्व सांसद आनंद मोहन की सजा में दी गई छूट को भी रद्द कर दिया गया है और उन्हें वापस जेल जाने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा, बिहार सरकार ने पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव को पटना हाई कोर्ट से मिली बरी होने की राहत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। इन मामलों के बीच पूर्व विधायक अशोक महतो की कानूनी स्थिति अलग है। ये चारों नेता अलग-अलग आपराधिक मामलों में शामिल हैं, जिन पर अलग-अलग अदालती आदेश और कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं।

अनंत सिंह को 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश

मोकामा के विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर दी है और उन्हें 4 दिसंबर 2026 तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है। इससे पहले पटना हाई कोर्ट ने मार्च 2026 में उन्हें जमानत दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर सवाल उठाया कि किस आधार पर उन्हें जमानत दी गई थी, जबकि मामला काफी गंभीर है और उन पर कई अन्य आपराधिक आरोप भी लंबित हैं। कोर्ट ने बिहार पुलिस को जांच पूरी करने के लिए चार महीने का समय भी दिया है।

आनंद मोहन की सजा में मिली छूट रद्द

पूर्व सांसद आनंद मोहन को भी सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। 26 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सजा में दी गई उस छूट को रद्द कर दिया, जो बिहार सरकार ने उन्हें दी थी। यह मामला गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर जेल अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया है यानी उन्हें 26 दिसंबर 2026 तक सरेंडर करना होगा।

कोर्ट ने बिहार सरकार के 24 अप्रैल 2023 के उस आदेश को खारिज कर दिया है, जिसके तहत आनंद मोहन को समय से पहले जेल से रिहा किया गया था। इसके अलावा, बिहार जेल मैनुअल में किए गए उस संशोधन को भी रद्द कर दिया गया, जिसके तहत ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या के दोषियों को समय से पहले रिहा करने पर लगी पाबंदी हटा दी गई थी।

सुप्रीम कोर्ट में राजबल्लभ यादव के लिए कानूनी मुश्किलें

नवादा से RJD के पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव के लिए आने वाले दिन काफी अहम होने वाले हैं, क्योंकि उनकी रिहाई से जुड़ा मामला अब देश की सर्वोच्च अदालत तक पहुंच गया है। अगस्त 2025 में पटना हाई कोर्ट ने 2016 के एक हाई-प्रोफाइल मामले में राजबल्लभ यादव और पांच अन्य सह-आरोपियों को बरी कर दिया था। इस मामले में उन पर POCSO एक्ट लगा था। हाई कोर्ट ने कमजोर सबूतों, उम्र के प्रमाण में विसंगतियों और गवाहों के बयानों में विरोधाभास का हवाला देते हुए उन्हें संदेह का लाभ दिया और 2018 में सुनाई गई उम्रकैद की सजा को पलट दिया।

इस फैसले को चुनौती देते हुए बिहार सरकार ने 28 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में एक स्पेशल लीव पिटिशन (SLP) दायर की। राज्य सरकार का तर्क है कि पीड़िता का बयान विश्वसनीय है, उसका मैट्रिकुलेशन सर्टिफिकेट वैध है और हाई कोर्ट ने एक ऐसी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर फैसला सुनाया, जिसे अदालत में विधिवत पेश ही नहीं किया गया था।

20 नवंबर 2026 को जस्टिस दीपांकर दत्ता की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच ने राजबल्लभ यादव और बिहार सरकार दोनों को नोटिस जारी किया। अदालत ने राज्य सरकार से यह भी सवाल किया कि अपील दायर करने में 201 दिनों की देरी क्यों हुई, जबकि इसके लिए 90 दिनों की तय समय-सीमा होती है। इस मामले की अगली सुनवाई 5 जनवरी 2027 को तय की गई है।

अगस्त 2025 में जेल से रिहा होने के बाद, राजबल्लभ यादव ने RJD छोड़कर JDU का दामन थाम लिया। इसके बाद हुए बिहार विधानसभा चुनावों में, उनकी पत्नी ने नवादा निर्वाचन क्षेत्र से JDU के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

क्या है बाहुबली अशोक महतो की मौजूदा स्थिति?

दूसरी ओर, शेखपुरा और नवादा के बाहुबली अशोक महतो के वापस जेल जाने की संभावना बहुत कम है। जुलाई 2006 में गिरफ्तार हुए अशोक महतो लगभग 17 साल जेल में बिताने के बाद नवंबर 2023 में रिहा हुए थे। सबूतों के अभाव में उन्हें पहले ही एक दर्जन से अधिक मामलों में बरी किया जा चुका है, जबकि नवादा जेल ब्रेक कांड में सुप्रीम कोर्ट ने यह मानते हुए उनकी रिहाई का आदेश दिया था कि वे सजा में छूट सहित 20 साल की कैद पूरी कर चुके हैं।

फिलहाल, उनके खिलाफ कोई बड़ा मामला लंबित नहीं है। जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने मार्च 2024 में 62 साल की उम्र में अनीता कुमारी से शादी की और वे दोनों RJD में शामिल हो गए। उनकी पत्नी ने भी मुंगेर से लोकसभा चुनाव और वारसलीगंज से विधानसभा चुनाव लड़ा।