Raghuram Rajan : भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार को राहुल गांधी पर भारत की विकास यात्रा के खिलाफ निराशावाद, घृणा और अविश्वास का बाजार फैलाने का आरोप लगाया और कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए देश की 7.2 प्रतिशत की वार्षिक आर्थिक वृद्धि का हवाला भी दिया। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कथित नफरत के बीच प्रेम का संदेश फैलाने का राहुल गांधी का दावा महज एक ढोंग है, क्योंकि उनकी मानसिकता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास के खिलाफ नफरत फैलाना है। उन्हें देश में हो रहे चौमुखी विकास से मुहं फेरने की आदत है।