
,,,,
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को अल्पसंख्यकों को भरोसा दिया कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) उनकी नागरिकता नहीं छीनेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और कुछ अन्य दल वोट बैंक की राजनीति के लिए लोगों में भ्रम फैला रहे हैं। अमित शाह हैदराबाद के एलबी स्टेडियम में तेलंगाना भाजपा के बूथ अध्यक्षों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने साफ किया कि सीएए नागरिकता देने वाला कानून है, छीनने वाला नहीं।
सीएए के कारण कोई भी नागरिक अपनी नागरिकता नहीं खोएगा
“मैं इस देश के अल्पसंख्यक भाइयों और माताओं को बताना चाहता हूं कि सीएए के कारण कोई भी नागरिक अपनी नागरिकता नहीं खोएगा। सीएए नागरिकता देने का कानून है, लेने का नहीं। औवेसी, खड़गे और राहुल गांधी सब झूठ बोल रहे हैं कि इससे अल्पसंख्यकों की नागरिकता चली जायेगी। मैं आपको भरोसा देता हूं कि सीएए के तहत किसी की नागरिकता छीनने का कोई प्रावधान नहीं है, यह शरणार्थियों को नागरिकता देने का प्रावधान है।''
मोदी सरकार ने वादे के मुताबिक सीएए को लागू किया
अमित शाह ने पहले भाजपा के सोशल मीडिया योद्धाओं की एक बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने वादे के मुताबिक सीएए को लागू किया। उन्होंने कहा, “हमारे संविधान निर्माताओं ने वादा किया था कि बांग्लादेश, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से उत्पीड़न सहकर आने वाले शरणार्थियों को नागरिकता दी जाएगी। हालांकि, तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के चलते कांग्रेस इसका विरोध करती रही। हिंदुओं, बौद्धों, जैनियों, सिखों और अन्य लोगों को नागरिकता देकर नरेंद्र मोदी जी ने उन्हें सम्मानित किया है।”
Updated on:
12 Mar 2024, 8:45 PM IST
Published on:
12 Mar 2024, 8:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.