
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में अब दो महीने से भी कम का समय बचा हुआ है। एक तरफ भाजपा जहां कांग्रेस सरकार पर सिर से लेकर पैर तक भ्रष्टाचार में डूबे रहने का आरोप लगा रही है। वहीं, कांग्रेस का दावा है कि उसकी सरकार ने पिछले 5 साल के दौरान राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दिया है। लेकिन कांग्रेस के दावे को उस समय पलीता लग जाता है, जब चन्द्रपुर से उसके विधायक रामकुमार यादव का वीडियो वायरल हो जाता है।
दरअसल, वीडियो में साफ तौर पर देखा जा रहा है कि कांग्रेस विधायक नोटों के बंडल के साथ बैठे हैं। हालांकि उस दौरान कमरे में और भी लोग बैठे थे। वहीं, इस मुद्दे पर भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस बुलाकर कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला है।
मैं गरीब का बेटा हूं- कांग्रेस विधायक
नोटों के साथ वीडियो वायरल होने के बाद चन्द्रपुर से कांग्रेस विधायक रामकुमार यादव खुद सामने आए और उन्होंने मीडिया के सामने सफाई दी। उन्होंने इस पूरे वीडियो को षड्यंत्र बताया है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आ रहा है और भाजपा को हारने का डर है इसलिए वह ऐसे फेक वीडियो बनवा कर लोगों के सामने पेश कर रही है। मैं गरीब का बेटा हूं, गाय भैंस चराने वाला हूं। मैंने मेहनत मजदूरी की है।
गरीब का बेटा विधायक बना है तो बड़े लोग हैं जिन्हें पेट में दर्द हो रहा है। पैसे के ऊपर मेरा ध्यान नहीं था, मैं तो खाली बैठा हूं। वीडियो डालने वाले बता सकते हैं कि इसका उद्देश्य क्या है। वे कुल मिलाकर चाह रहे हैं कि ऐसा वीडियो मुझसे जोड़ा जाए।
वायरल वीडियो में क्या है?
दरअसल, जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें बेड पर नोटों की बहुत सारी गड्डियां दिख रही हैं। बेड पर एक शख्स बैठा है जिसका चेहरा नहीं दिख रहा और उसके ही सामने सोफे पर चन्द्रपुर से कांग्रेस विधायक रामकुमार यादव बैठे और कुछ बात कर रहे हैं। 15 सेकेंड के इस वीडियो में विधायक क्या बात कर रहे हैं, ये समझ पाना मुश्किल है।
भाजपा ने कांग्रेस पर बोला हमला
भाजपा के महामंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा- कांग्रेस विधायक जी के सामने रखे नोटों की गड्डी वाले इस वीडियो को स्वीकार करेगी या वीडियो पर कोई संदेह है तो जांच के लिए CBI को सौंपने का साहस दिखाएगी? ये हैं कांग्रेस के छत्तीसगढ़ में चंद्रपुर के विधायक रामकुमार यादव।
अपने आप को गरीब और बेचारा के रूप में प्रस्तुत करते हैं। विधायक बनने से पहले वे गरीब थे भी। प्रधान मंत्री आवास योजना के मकान में रहते भी हैं। बाप दादा और खुद बैल चराते भी थे, जैसा कि वे खुद भी दावा करते हैं। लेकिन सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस वीडियो में देखिए सामने रखे नोटों की गड्डी कांग्रेस जवाब देने लायक नहीं रह गयी है। पूरे कांग्रेस के सभी लोगों ने छत्तीसगढ़ को पूरे 5 साल जमकर लूटा है। कांग्रेसी भ्रष्टाचार की संस्कृति और माफिया राज फ्लाई, एश, रेत, कोयला, शराब सब में है माफियाराज।
Published on:
17 Sep 2023, 7:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.