
कॉकरोच जनता पार्टी(फोटो-IANS)
CJP Protest Delhi: दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। इस बीच CJP नेता अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन से डरकर सरकार ऐसे कदम उठा रही है, जो इमरजेंसी के दौरान भी नहीं उठाए गए थे। उन्होंने कहा कि मेट्रो और ट्रेन सेवाओं पर पाबंदियां लगाने के बावजूद प्रदर्शन नहीं रुकेगा और पार्टी के कार्यकर्ता शनिवार को जंतर-मंतर पहुंचेंगे।
दीपके ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राष्ट्रीय राजधानी में आवाजाही रोकने के कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि मेट्रो बंद, ट्रेनें बंद, सड़कें बंद, सब कुछ बंद। लेकिन हम रुकेंगे नहीं। वे कुछ भी करें, हम कल जंतर-मंतर लेंगे।'
CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने की व्यवस्था की गई थी। यह प्रतिबंध 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से लागू किया जाना था। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और संभावित भीड़ को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) से यह कदम उठाने को कहा था। इस फैसले पर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताई। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं, लेकिन इससे आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह बाधित नहीं होनी चाहिए।
CJI सूर्यकांत ने कहा कि अदालत की चिंता प्रदर्शनकारियों को लेकर नहीं, बल्कि उन आम नागरिकों को लेकर है जो नौकरी, पढ़ाई और दूसरे जरूरी कामों के लिए सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर हैं। उन्होंने प्रशासन से नागरिकों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए सुधारात्मक कदम उठाने को कहा। सुनवाई के दौरान CJI ने कहा की मक्खी मारने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। अदालत ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई जरूरी हो सकती है, लेकिन वह जरूरत के अनुपात में होनी चाहिए।
प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने भी यातायात से जुड़े प्रतिबंध लगाए हैं। 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों से आने-जाने वाली ट्रेन सेवाएं रद्द करने की घोषणा की गई है। इसके अलावा कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को भी रद्द किया गया है। इन फैसलों से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। यात्रियों को सलाह है कि सफर से पहले अपनी ट्रेन और मेट्रो सेवा की ताजा स्थिति की जानकारी ले लें।
CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही की मांग कर रही है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि तय प्रक्रिया के तहत अनुमति नहीं ली गई और संभावित भीड़ को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, अभिजीत दीपके ने साफ किया है कि परिवहन सेवाओं पर पाबंदियों के बावजूद उनका संगठन प्रदर्शन करने के अपने फैसले पर कायम है।
Updated on:
09 Oct 2026 05:22 pm
Published on:
09 Oct 2026 05:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
