विपक्षी एकता पर लग सकती है नजर, दिल्ली-पंजाब कांग्रेस नेताओं को केजरीवाल का साथ नापंसद,आलाकमान पर छोड़ा फैसला
नई दिल्लीPublished: May 29, 2023 02:20:41 pm
Delhi Ordinance Matter विपक्षी एकता पर नजर लग सकती है। नीतीश कुमार का प्रयास संकट में फंस सकता है। ऐसा लगता है दिल्ली के अधिकारियों के स्थानांतरण पर केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी संयोजक व दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल को कांग्रेस का साथ न मिल सकेगा। वजह है दिल्ली-पंजाब कांग्रेस के नेताओं को केजरीवाल का साथ नापंसद है। बताया जा रहा है कि, इन दो प्रदेशों के नेताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया है, और फैसला आलाकमान पर छोड़ दिया है।


दिल्ली-पंजाब कांग्रेस नेताओं को केजरीवाल का साथ नापंसद
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस और पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली में अधिकारियों के ट्रांसफर के खिलाफ केंद्र सरकार के विधेयक के खिलाफ आम आदमी पार्टी को समर्थन देने के मुद्दे पर चर्चा की। दिल्ली और पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने साफ कह दिया कि इस मुद्दे पर पार्टी अरविंद केजरीवाल की पार्टी के समर्थन में नहीं दिखनी चाहिए। इस मुलाकात में दोनों प्रदेश की कांग्रेस कमेटियों ने आगामी लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करने की भी सलाह दी। पर आखिरी फैसला पार्टी आलाकमान पर छोड़ दिया गया है।