
ED raid at Punjab CM Charanjit singh Channi close relative house
पंजाब वधानसभा चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। खास बात यह है कि ये कार्रवाई मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के करीबीयों पर की जा रही है। ईडी ने मंगलवार की सुबह सीएम चन्नी के करीबी रिश्तेदार के घर पर छापेमारी की है। ED ने गैरकानूनी सैंड माइनिंग मामले में यह छापेमारी की है। सीएम के रिश्तेदार का नाम भूपेंद्र सिंह हनी बताया जा रहा है। ईडी की 8 सदस्य टीम ने यह कार्रवाई उसके मोहाली के होमलैंड सोसाइटी स्थित फ्लैट पर सुबह आठ बजे की है। यही नहीं ईडी की छापेमारी पंजाब और हरियाणा के करीब 10 ठिकानों पर की गई है।
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के बीच तो घमासान जारी है ही लेकिन मंगलवार को ईडी की बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर माहौल को गर्मा दिया है। ईडी ने 10 ठिकानों पर छापे मारे हैं। ये छापेमारी अवैध सैंड माइनिंग और पैसों के अवैध लेन देन के मामले में की गई है। ईडी ने जिन ठिकानों पर छापे मारे हैं, उनमें पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के रिश्तेदार भूपिंदर सिंह हनी का मोहाली में स्थित आवास भी शामिल है।
यह भी पढ़ें - Punjab Election 2022: पंजाब में चुनाव की तारीख टली, अब 20 फरवरी को होगी वोटिंग
दरअसल इससे पहले विपक्ष भी सीएम चन्नी के नजदीकी लोगों पर सैंड माइनिंग के अवैध कारोबार में शामिल होने के आरोप लगा चुका है। बताया जा रहा है कि ईडी रेड में सीआरपीएफ की एक महिला टुकड़ी समेत 8 टीमें शामिल हैं। ईडी ने भूपेंद्र सिंह हनी पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है।
भूपिंदर पर ये है आरोप
भूपिंदर सिंह पर आरोप है कि उन्होंने रेत खनन के ठेके हासिल करने के लिए कथित तौर पर पंजाब रियल्टर्स नाम की एक फर्म बनाई थी। छापेमारी की यह कार्रवाई ऐसे समय में हो रही है, जब पंजाब में चुनाव अभियान जोरों पर है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से सीएम चन्नी की इमेज को नुकसान हो सकता है।
यह भी पढ़ें - Punjab Election 2022: अरविंद केजरीवाल आज करेंगे 'आप' के सीएम उम्मीदवार का ऐलान
सीएम चन्नी से क्या रिश्ता
पंजाब में हो रही ईडी की कार्रवाई में जिस शख्स को सीएम का करीबी बताया जा रहा है वो चन्नी की पत्नी के भाई हैं। यानी चन्नी के 'साले' हैं। ईडी को शक है कि रेत खदान के ठेके लेने में काले धन का इस्तेमाल किया गया है। ऐसे में विपक्ष भी इस मुद्दे को लेकर चुनावी मैदान में उतर सकता है। हालांकि पहले ही विपक्ष इस तरह के मुद्दों पर कांग्रेस को घेरता आया है।
Published on:
18 Jan 2022, 12:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.