
पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी आम आदमी पार्टी जल्द ही अपने सीएम उम्मीदवार के नाम की घोषणा करने जा रही है। इसको लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि मंगलवार को आप के सीएम कैंडिडेट का नाम सबके सामने आ जाएगा। दरअसल आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सीएम उम्मीदवार के चयन को लेकर प्रदेश की जनता की ही राय मांगी थी। केजरीवाल ने कहा था कि इसी के आधार पर लोगों की राय के मुताबिक आप के सीएम चेहरे के नाम की घोषणा की जाएगी।
15 लाख से ज्यादा लोगों ने दी राय
आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पंजाब में पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा चुनने के लिए जारी किए गए नंबर पर 72 घंटे में 15 लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी राय दी है।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने मीडिया को बताया कि नंबर पर पिछले 72 घंटे में साढ़े पांच लाख से ज्यादा लोगों ने व्हाट्सएप, 7 लाख के करीब लोगों ने कॉल, डेढ़ लाख लोगों ने वॉइस मैसेज और डेढ़ लाख लोगों ने टेक्स्ट मैसेज के जरिये अपनी राय दी है।
यह भी पढ़ें - पंजाब में चुनाव की तारीख टली, अब 20 फरवरी को होगी वोटिंग
पंजाब के लोगों की ओर से बंडी संख्या में मिली प्रतिक्रिया को लेकर हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि लाखों की संख्या में पंजाब की जनता की ओर से आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री बनाने के लिए संदेश भेजे गए हैं। इन नामों को लेकर विचार किया जा रहा है। जनता से मिली प्रतिक्रिया में जिस उम्मीदवार को जनता बतौर मुख्यमंत्री देखना चाहती है, उसे ही उम्मीदवार घोषित किया जाएगा।
लोग अब बदलाव चाहते हैं
इस मौके पर आप नेता ने दावा किया किया पंजाब विधानसभा चुनाव में आप स्पष्ट बहुमत के साथ जीतेगी। उन्होंने कहा कि इस बार पंजाब में आप की सरकार बनेगी। उन्होंने ये भी कहा कि पारंपरिक पार्टियों की गंदी राजनीति का सफाया होगा। पंजाब के लोग पारंपरिक पार्टियों के भ्रष्टाचार और लूट की राजनीति से तंग आ चुके हैं। लोग अब बदलाव चाहते हैं।
13 को जारी किया था नंबर
दरअसल पंजाब में सीएम चेहरे को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने सीएम चेहरे को लेकर घोषणा नहीं की है। इस बीच आम आदमी पार्टी ने कहा था कि हम उसी को पार्टी सीएम प्रत्याशी बनाएंगे जिसे जनता खुद चुनेंगी। केजरीवाल ने कहा था कि मैं भगवंत मान के नाम पर सहमत था, लेकिन भगवंत मान ने खुद कहा था कि वे चाहते हैं कि दूसरे दलों की तरह हम जनता पर सीएम थोपेंगे नहीं, बल्कि उसे ही प्रत्याशी बनाएंगे जिसे जनता चाहेगी।
यह भी पढ़ें - हरक रावत की बीजेपी से छुट्टी पर सीएम पुष्कर धामी का बड़ा बयान, बोले- पार्टी पर बना रहे थे दबाव
इसी को लेकर पार्टी ने 13 जनवरी को मोहाली में नंबर लांच किया था। तब केजरीवाल ने कहा था कि भारत के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब सीएम का चेहरा जनता खुद तय करेगी। लोग सीएम चेहरे के लिए 70748 70748 नंबर पर फोन, एसएमएस, अपनी आवाज रिकॉर्ड कर छोड़ सकते हैं। इस नंबर पर 17 तारीख को शाम पांच बजे तक राय ली गई।
Updated on:
18 Jan 2022, 7:53 AM IST
Published on:
17 Jan 2022, 4:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.