
NDA की मीटिंग में विजय सिन्हा और अशोक चौधरी के बीच हुई कहासुनी (Photo-Patrika)
Bihar Politics: सेंट्रल हॉल में सोमवार को NDA विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और मंत्री अशोक चौधरी के बीच जमकर कहासुनी हुई। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार भई मौजूद थे। इसको लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी एक्स पर पोस्ट कर तंज कसा है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने लिखा- भ्रष्टाचार की बंदरबांट को लेकर एनडीए के उपमुख्यमंत्री और वरीय मंत्री बैठक में ही एक दूसरे से झगड़ने लगे।
बता दें कि विधासनभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद एनडीए की मीटिंग हुई। ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यक्रम में स्थानीय विधायक को नहीं बुलाने पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने मंत्री अशोक चौधरी को फटकार लगाई। इस बात को लेकर दोनों के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हो गई। डिप्टी सीएम ने यह भी कह दिया कि गठबंधन का पालन एक सहयोगी को नहीं बल्कि सभी सहयोगी को करना होगा।
वहीं इस दौरान डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने प्रहलाद यादव का भी मामला उठा दिया। डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार बनाने में प्रहलाद यादव ने समर्थन दिया था। इसके अलावा विधायकों ने ग्रामीण कार्य विभाग में ग्लोबल टेंडरिंग को लेकर नाराजगी भी जताई।
NDA की मीटिंग में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और मंत्री अशोक चौधरी के बीच हुई बहस को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने एक्स पर पोस्ट किया है। तेजस्वी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- जदयू के अधीन ग्रामीण कार्य विभाग में ग्लोबल टेंडरिंग के माध्यम से केवल बड़े ठेकेदारों को ठेका देकर चुनाव पूर्व जेडीयू ने 1000 करोड़ रुपये वसूलने का लक्ष्य रखा है। चुनाव पूर्व ग्रामीण सड़कों का निर्माण भी नहीं होना है लेकिन केवल टेंडर मैनेज कर लूट-खसोट का खेल चल रहा है। भ्रष्टाचार इतना अधिक है कि एनडीए विधायक भी कुछ नहीं कर सकते।
तेजस्वी यादव ने आगे लिखा- हर घर का नल का जल तो इससे भी बड़ा भ्रष्टाचार है। उसमें राज्य के खजाने से हज़ारों करोड़ की संस्थागत लूट हुई है। मुख्यमंत्री अचेत और खामोश है। बाक़ी मंत्रियों को अच्छे से पता है कि सरकार जाने वाली है इसलिए खुलम-खुला लूट मची है। उपमुख्यमंत्री बेचारे विजय सिन्हा को कितना बेबस कर दिया है।
Updated on:
21 Jul 2025, 5:54 PM IST
Published on:
21 Jul 2025, 5:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.