
INDIA Alliance Meeting (Photo source: Congress/X)
INDIA Alliance Meeting: नई दिल्ली। चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच INDIA ब्लॉक की बैठक बुधवार को दिल्ली में शुरू हुई। बैठक में विपक्षी दल चुनावी मुद्दों पर साझा रणनीति और आगे की कार्रवाई पर चर्चा कर रहे हैं। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और राजद नेता तेजस्वी यादव समेत कई दलों के नेता शामिल हैं। बैठक का प्रमुख मुद्दा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची और SIR को लेकर विपक्ष की आगे की रणनीति है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि भारत के लोकतंत्र का आधार 'एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य' का सिद्धांत है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर विपक्ष की चिंताएं सामने रखीं। खरगे ने कहा कि विपक्ष ने ईवीएम और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने राहुल गांधी की ओर से महादेवपुरा, अलंद, हरियाणा और महाराष्ट्र में मतदाता सूची से जुड़े दावों का भी उल्लेख किया।
SIR को लेकर खरगे ने कहा कि मतदाता सूची को साफ करने के नाम पर यदि बड़ी संख्या में मतदाताओं को बाहर होने का खतरा हो तो यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी व्यवस्था की होनी चाहिए कि कोई वास्तविक मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न हो। उन्होंने विपक्ष के दावे के अनुसार 13.3 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का उल्लेख किया। खरगे ने कहा कि किसी भी नाम को हटाए जाने की स्थिति में यह स्पष्ट होना चाहिए कि किसका नाम हटाया गया और क्यों हटाया गया। उन्होंने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठाए।
खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े कानून का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव को लेकर विपक्ष ने पहले भी आपत्ति जताई है। उन्होंने ईवीएम को लेकर भी विपक्ष का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि चुनाव में मतपत्र से मतदान की व्यवस्था वापस लाई जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की।
बैठक में कई प्रमुख दलों और नेताओं की गैरमौजूदगी भी चर्चा में है। आम आदमी पार्टी और डीएमके ने बैठक से दूरी बनाई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी बैठक में शामिल नहीं हुए हैं। हालांकि, सपा की ओर से प्रतिनिधि बैठक में मौजूद हैं। अखिलेश यादव ने बैठक में शामिल नहीं होने के पीछे राज्यसभा चुनाव के नामांकन की व्यस्तता बताई है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, उनकी पार्टी के प्रतिनिधि बैठक में शामिल हो रहे हैं। वहीं शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे दिल्ली में बैठक में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं होंगे। वह वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़ेंगे। उनकी पार्टी चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन की तैयारियों में भी जुटी है।
डीएमके ने बैठक से दूरी बनाने को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। पार्टी के प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा कि डीएमके विपक्ष का हिस्सा है और भाजपा के खिलाफ अन्य विपक्षी दलों के साथ खड़ी होगी, लेकिन वह INDIA ब्लॉक का हिस्सा नहीं है। डीएमके की ओर से यह भी कहा गया है कि संसद में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने से जुड़ा कोई प्रस्ताव आता है तो पार्टी उसका समर्थन करेगी।
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने INDIA ब्लॉक में शामिल दलों की सूची साझा की। जयराम रमेश के अनुसार बैठक में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी , तृणमूल कांग्रेस , राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी , शिवसेना (UBT), राष्ट्रीय जनता दल (RJD), माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी , जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस , जम्मू-कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी , झारखंड मुक्ति मोर्चा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) , इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग , केरल कांग्रेस (एम), मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम , विदुथलाई चिरुथैगल काची , रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी , केरल कांग्रेस (जे) और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक शामिल हैं।
Updated on:
30 Sept 2026 12:39 pm
Published on:
30 Sept 2026 12:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
