
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ( Indian Railway ) लगातार यात्रियों की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बदलाव कर रहा है। कुछ रूट्स पर ट्रेनें बढ़ाई जा रही हैं तो कुछ पर नई ट्रेनें भी चलाई जा रही है। इसी कड़ी में अब रेलवे प्रीमियम बुद्धिस्ट सर्किट ट्रेन को घरेलू यात्रियों के लिए फिर से शुरू करने का फैसला किया है।
अब इसका नाम, ‘देखो अपना देश एसी डिलक्स टूरिस्ट ट्रेन होगा।’ IRCTC ने अक्टूबर से दिसंबर तक कई रूट्स पर फिर से प्रीमियम ट्रेन ( Premium Train ) चलाने का निर्णय लिया है। इनमें रामायण, नॉर्थईस्ट और चारधाम यात्रा सर्किट शामिल हैं।
नॉर्थ-ईस्ट सर्किट पर प्रीमियम ट्रेन 150 लोगों को लेकर जाएगी। यह ट्रेन नॉर्थ-ईस्ट के पांच राज्यों की यात्रा करवाएगी। 26 नवंबर को यह ट्रेन पहली बार राजधानी दिल्ली से सफर पर निकलेगी।
IRCTC टूरिजम के जॉइंट जनरल मैनेजर अच्युत सिंह के मुताबिक यह ट्रेन 15 दिन और 14 रातों का सफर करवाएगी।
इतना होगा इन प्रीमियम ट्रेनों का किराया
IRCTC के अधिकारी के मुताबिक यात्रा के दौरान सभी तरह के खर्च को मिलाकर प्रतिव्यक्ति कुल 1 लाख रुपए का किराया तय किया गया है।
सिर्फ इन्हीं यात्रियों को ट्रेन में मिलेगी एंट्री
आईआरसीटी अधिकारी के मुताबिक कोरोना से जंग के बीच रेलवे हर बात का ध्यान रख रहा है। यही वजह है कि जिन्हें कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं केवल वही लोग इस ट्रेन में यात्रा कर सकेंगे।
इस वजह से शुरू की गईं प्रीमियम ट्रेनें
दरअसल कोविड काल में विदेशी पर्यटकों के आने पर रोक लगा दी गई थी। इस वजह से रेलवे को काफी नुकसान उठाना पड़ा। इस नुकसान की भरपाई के लिए ये प्रीमियम ट्रेनें फिर से शुरू कर दी गई हैं।
हालांकि रेलवे अधिकारियों के मुताबिक पहले की तरह विदेशी पर्यटकों के आने में कम से कम एक साल का वक्त लगेगा। लेकिन स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में इन ट्रेनों में बुकिंग करवा रहे हैं।
मिलती है ये सुविधाएं
चार धाम यात्रा और रामायण सर्किट के लिए बुकिंग हो रही है। यह यात्रा दिवाली के बात शुरू होगी। इन ट्रेनों में यात्रियों को भोजन के साथ संबंधित जगहों पर बस के जरिए ले जाने का भी खर्च वहन किया जाता है।
Published on:
13 Oct 2021, 1:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.