
SIR पर जयराम रमेश के गृह मंत्री अमित शाह से 3 सवाल Jairam Ramesh (Photo-IANS)
Jairam Ramesh on SIR : नई दिल्ली। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से तीन सीधे सवाल पूछते हुए घुसपैठियों की पहचान, मतदाता सूची से उनके नाम हटाने और उन्हें देश से निर्वासित करने का ब्योरा मांगा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया से गुजर चुके 100 करोड़ भारतीयों को इसके नतीजे जानने का अधिकार है।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पूछा कि एसआईआर के दौरान कितने घुसपैठियों की पहचान की गई, कितने लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए और कितने घुसपैठियों को देश से बाहर भेजा गया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री एसआईआर का बचाव कर रहे हैं, इसलिए उन्हें इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए घुसपैठियों का मुद्दा बार-बार उठाकर असल मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि करीब 14 करोड़ भारतीयों को उनके संवैधानिक मताधिकार से वंचित किया जा रहा है।
गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा था। उन्होंने सवाल किया था कि क्या गुजरात के निकाय चुनावों के नतीजे भी एसआईआर का परिणाम हैं। शाह ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को एसआईआर से जोड़कर खारिज करने के बजाय कांग्रेस नेतृत्व को अपनी राजनीतिक स्थिति पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुजरात जैसे बड़े राज्य में, जहां कांग्रेस कभी सत्ता में रही थी, वहां 41 वर्षों से कोई चुनाव नहीं जीत पाना पार्टी के लिए गंभीर आत्ममंथन का विषय है।
Updated on:
14 Oct 2026 11:30 am
Published on:
14 Oct 2026 11:29 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
