
झारखंड पुलिस पर पथराव किया गया (फोटो-ANI)
Attack on Jharkhand Police: झारखंड के चतरा जिले में मंगलवार रात को एक युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया था। इस मामले में बुधवार को अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पथराव करने के कारण तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में दो स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) भी शामिल हैं। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में अब तक पांच नामजद और 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यह घटना मंगलवार रात टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के लोगों ने कमता गांव के रहने वाले 36 वर्षीय मोहम्मद शहबाज को पकड़कर रखा हुआ है। इसके बाद टंडवा पुलिस की टीम उसे छुड़ाने के लिए गांव पहुंची। इस मामले पर पुलिस ने जानकारी दी कि मोहम्मद शहबाज पर एक महिला के घर में घुसकर उसके साथ गलत व्यवहार करने का आरोप था। आरोप है कि महिला के शोर मचाने के बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और एक घर में बंद कर दिया। वहीं, उसके साथ मौजूद दूसरा युवक मौके से भागने में सफल रहा।
युवक को छुड़ाने के लिए जब पुलिस टीम गांव पहुंची तो ग्रामीणों ने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और उन्हें घेर लिया। हमले में टंडवा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पप्पू शर्मा समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता देख पुलिस को स्थिति संभालने के लिए तीन राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इसके बाद पुलिस टीम गांव से निकलने में सफल रही। अतिरिक्त पुलिस बल को भी युवक को छुड़ाने के लिए भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ग्रामीणों को समझाया गया कि वे कानून को अपने हाथ में न लें। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से देर रात करीब 11 बजे युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त करा लिया गया। पुलिस अब पथराव करने वाले लोगों की पहचान कर रही है और मामले की जांच जारी है।
Updated on:
09 Sept 2026 08:46 pm
Published on:
09 Sept 2026 08:46 pm
