
Kunal Ghosh Car Attack(फोटो-IANS)
Kunal Ghosh Car Attack News: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष की कार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई, जब घोष श्रीरामपुर में पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी की रैली में शामिल होने जा रहे थे। इसपर अब उनका बयान सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि उनकी कार पर अंडे, पत्थर और रॉड से हमला किया गया। घटना में कार का पिछला शीशा टूट गया, जबकि कुणाल घोष को चोट नहीं आई। घटना के बाद कुणाल घोष ने पहली बार अपना पक्ष रखते हुए इसे जानलेवा हमला बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें मारने की कोशिश की गई।
कुणाल घोष का काफिला उत्तरपाड़ा इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी कार को घेर लिया। प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाए और 'वापस जाओ' के नारे लगाए। इसके बाद कार पर अंडे और पत्थर फेंके गए। कुणाल घोष के मुताबिक, हमले में रॉड का भी इस्तेमाल किया गया। हमले के दौरान उनकी कार का पिछला शीशा टूट गया। कुणाल घोष के कार्यालय की ओर से घटना का एक वीडियो भी जारी किया गया है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कुणाल घोष ने कहा, 'मेरी कार पर अंडे, रॉड और पत्थरों से हमला किया गया। यह हत्या की कोशिश है।' उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले के बावजूद वह अपनी राजनीतिक गतिविधियां जारी रखेंगे। हालांकि, घटना को लेकर हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे की वजह से जुड़ी जानकारी सामने आना बाकी है।
कुणाल घोष इससे पहले भी अंडे फेंके जाने की घटना का सामना कर चुके हैं। जून 2026 में कोलकाता के कालीघाट इलाके में ममता बनर्जी के आवास के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने उन पर अंडा फेंका था। उस घटना में अंडा कुणाल घोष के सिर पर लगा था। उस समय कुणाल घोष ने घटना को साजिश बताया था। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया था।
Updated on:
26 Sept 2026 04:53 pm
Published on:
26 Sept 2026 04:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
