महाराष्ट्र में मराठी जनता का झुकाव ठाकरे परिवार की तरफ ज्यादा दिख रहा है। हालांकि चुनाव से पहले दोनों गुटों के लोगों का आपस में पाला बदलना जारी है। जब तक सहयोगी दलों में सीटों का बंटवारा और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं हो जाती है यह आयाराम गयाराम का दौर चलता रहेगा। पिछले दो महीनों से शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार दौरा कर रहे हैं, ताकत बढ़ाने के लिए सत्ता पक्ष का घेराव कर रहे हैं और पार्टी चुनाव चिह्न ‘ज्वलंत मशाल’ को जमकर प्रमोट कर रहे हैं। उधर, एकनाथ शिंदे भी विधायकों-मंत्रियों के साथ सभाओं में उद्धव ठाकरे गुट पर हमलावर हैं। वह ठाकरे परिवार से मिली वेदना भी बताना नहीं भूल रहे हैं।
भाजपा की रणनीति में राज!
भाजपा को जो लाभ शिवसेना के टूटने से मिलने की अपेक्षा थी शायद वह नहीं मिल रहा है। भाजपा अब नई रणनीति के तहत राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को साथ लेने में जुटी है, वजह है मनसे का 2.4 प्रतिशत वोट बैंक। भाजपा की मनसे से युति का मतलब साफ है कि वह शिवसेना उद्धव गुट की ताकत को भांप रही है।