
25 प्रतिशत टैरिफ लगाने पर भारत ने दी प्रतिक्रिया (Photo-IANS)
Trump Tarrif: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 25 प्रतिशत टैरिफ की घोषणा करने के बाद भारत ने पहली प्रतिक्रिया दी है। भारत ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है। इसके साथ ही भारत सरकार ने कहा कि राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हम सभी आवश्यक कदम उठाएंगे। सरकार ने अपने बयान में कहा कि भारत और अमेरिका पिछले कुछ महीनों से एक निष्पक्ष, संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। हम इस उद्देश्य के लिए प्रतिबद्ध हैं।
भारत सरकार ने अपने बयान में कहा कि सरकार किसानों, उद्यमियों और एमएसएमई के कल्याण की रक्षा और संवर्धन को सर्वोच्च महत्व देती है। सरकार राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी, जैसा कि ब्रिटेन के साथ हुए नवीनतम व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते सहित अन्य व्यापार समझौतों के मामले में किया गया है।
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत टैरिफ और अतिरिक्त दंडात्मक शुल्क लगाने का ऐलान किया है। यह फैसला 1 अगस्त से लागू होगा।
ट्रंप ने कहा कि यह निर्णय भारत द्वारा रूस से सैन्य उपकरण और ऊर्जा खरीदने को लेकर भी लिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि “याद रखिए, भले ही भारत हमारा मित्र है, लेकिन वर्षों से हमने भारत के साथ अपेक्षाकृत बहुत कम व्यापार किया है, क्योंकि उनके टैरिफ बहुत अधिक हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने भारत के "उच्च टैरिफ" और "घृणित गैर-मौद्रिक व्यापार बाधाओं" के कारण पिछले कुछ वर्षों में भारत के साथ अपेक्षाकृत कम व्यापार किया है।
इससे पहले अप्रैल में ट्रंप ने भारतीय वस्तुओं पर 27 प्रतिशत तक के नए टैरिफ की घोषणा की थी। हालाँकि, बाद में उस फैसले को स्थगित कर दिया गया था, और तब से दोनों देश एक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं।
Updated on:
30 Jul 2025, 10:03 PM IST
Published on:
30 Jul 2025, 9:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.