
रांची दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूंक का मामला सामने आया है। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी के सड़क मार्ग से गुजर रहे काफिले के सामने एक महिला अचानक दौड़कर गाड़ी के सामने आ गई। इससे हड़कंप मच गया, जिससे पीएम की गाड़ी को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा। इससे पूरा काफिला रुक गया और एनएसजी एवं दूसरे सुरक्षा गार्ड्स ने अलर्ट मोड में पहुंचकर पोजिशन ले ली। इसके बाद पुलिस ने महिला को तत्काल हिरासत में ले लिया।
हालांकि, पूछताछ के बाद उसे बांड पर छोड़ दिया गया है। यह घटनाक्रम बुधवार को उस वक्त सामने आया, जब पीएम का काफिला राजभवन से निकलकर रांची के रेडियम रोड होते हुए बिरसा मुंडा मेमोरियल म्यूजियम की तरफ जा रहा था।
PM मोदी से पति की शिकायत करना चाहती थी महिला
काफिले में गाड़ी के सामने आई महिला की पहचान रेडियम रोड निवासी संगीता झा के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि महिला अपने पति से परेशान है और इस मामले को लेकर वह पीएम मोदी से मिलना चाहती थी। जब उसे जानकारी मिली कि मोदी रेडियम रोड होकर गुजरने वाले हैं, वह अचानक से दौड़कर गाड़ी के सामने पहुंच गई।
घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच जारी
वहीं, अब इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि महिला मानसिक तौर पर परेशान रहती है। उसने पति से अपने विवाद को लेकर दिल्ली जाकर पीएम से मिलने की कोशिश की थी। इस पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच की जा रही है। पीएम की सुरक्षा में चूक का मामला होने पर इस पर जवाब-तलब हो सकता है।
Published on:
15 Nov 2023, 8:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.