
नई दिल्ली। पंजाब दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक ( PM Security Breach ) का मामला अभी थमा नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ( Supreme Court ) में इस मामले पर शुक्रवार को सुनवाई होना है। लेकिन इस सुनवाई से पहले लगातार सियासी माहौल गर्माया हुआ है। केंद्र और बीजेपी के दबाव के बीच पंजाब पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पंजाब पुलिस ने इस चूक के मामले को लेकर FIR दर्ज कर ली है। इसके अलावा शुक्रवार 7 जनवरी को ही गृह मंत्रालय के आदेश पर एक टीम भी फिरोजपुर पहुंच रही है। ये टीम यहां हुई पूरी घटना का जायजा लेगी। यही नहीं यह टीम फिरोजपुर के डिप्टी कमिश्नर के साथ एक बैठक भी करेगी। बता दें कि पंजाब की चन्नी सरकार ने इस घटना को लेकर अपना जवाब भी केंद्र को सौंप दिया है।
पंजाब में पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक को लेकर उठा विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ इस मामले में सियासी माहौल गर्माया हुआ है तो दूसरी तरफ सुप्रीम कोर्ट में भी सीजेआई इस मामले पर शुक्रवार को सुनवाई करने वाले हैं।
यह भी पढ़ेँः PM Security Breach: सीएम चन्नी ने कहा, पीएम की सुरक्षा में नहीं हुई कोई चूक, अफवाह ना फैलाएं बीजेपी और केंद्रीय मंत्री
इस बीच पंजाब पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक मामले पर एफ आई आर दर्ज कर ली है। इससे पहले पंजाब सरकार ने केंद्र को एक रिपोर्ट भी भेजी। इसमें कहा गया कि प्रदर्शन अचानक हुआ था। वहीं पीएम के आने पर अतिरिक्त फोर्स लगाई गई थी।
केंद्र सरकार को भेजा गया जवाब
शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से एक टीम फिरोजपुर पहुंच रही है। ये टीम यहां पर हुई पूरी घटना को लेकर जानकारी एकत्र करेगी, इसके साथ ही डिप्टी कमिश्नर के साथ एक मीटिंग भी करेगी। लेकिन एमएचए की टीम के पहुंचने से पहले ही आनन-फानन में पंजाब की चरणजीत चन्नी सरकार ने अपना जवाब केंद्र को भेज दिया है।
गुरुवार को देर रात अपना जवाब केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा गया है। बताया जा रहा है कि पंजाब के मुख्य सचिव ने पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक के कारणों का तथ्यों के साथ जवाब भेजा है। दरअसल, 5 जनवरी को पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस मामले पर पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगी थी।
वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर तैयार हुई रिपोर्ट
मिली जानकारी के मुताबिक, फिरोजपुर में पीएम सुरक्षा में जुटे सीनियर अफसरों से बात कर यह रिपोर्ट तैयार की गई है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि पूरे पंजाब में पीएम के दौरे का विरोध हो रहा था। विरोध और प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैयार किया गया था। इस रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि ये प्रदर्शन अचानक हुआ था।
यह भी पढ़ेँः PM Security Breach: किसान नेता राकेश टिकैत का बड़ा बयान, सहानुभूति बंटोरने का स्टंट बताया
बीजेपी नेताओं ने गांधी प्रतिमा पर किया प्रदर्शन
पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक को लेकर बीजेपी नेता लगातार पंजाब सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। इस बीच शुक्रवार को बीजेपी नेताओं ने दिल्ली में गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन किया। हाथों तख्तियां लिए बीजेपी नेताओं की मांग थी कि इस मामले में दोषियों को खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
Published on:
7 Jan 2022, 11:24 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.