
BPSC Candidates Protest: बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा को दोबारा कराने की मांग का केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने समर्थन किया है। चिराग पासवान के समर्थन वाले बयान पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इसका स्वागत किया जाना चाहिए। प्रशांत किशोर ने कहा कि मेरा समर्थन किया ये महत्वपूर्ण बात नहीं है लेकिन बिहार के बच्चों का समर्थन करने के लिए चिराग पासवान का स्वागत करना चाहिए। पीके ने कहा कि मैं हमेशा कहता हूं कि वे सुलझे हुए व्यक्ति और नेता है।
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि अब NDA के घटक दलों से आपकों सवाल करना है कि अभी विपक्ष बोल रहा था, लेकिन अब भारत सरकार में मंत्री और आपके सहयोगी दल के नेता बोल रहे हैं कि BPSC की परीक्षा में धांधली हुई है और फिर से परीक्षा होनी चाहिए। अब जेडीयू और बीजेपी के नेताओं को इस पर जवाब देना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा हर किसी का अपनी-अपनी बात रखने का तरीका होता है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने क्या किया और क्या कह रहे हैं इस पर टिप्पणी किए बिना मैं प्रशांत किशोर के अनशन करने के मुद्दे से सहमति रखता हूं। उन्होंने कहा कि कुछ अभ्यर्थियों की दोबारा एग्जाम कराई गई, जो कि गलत है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने परीक्षा में हुई धांधली को सही बताया। उन्होंने कहा कि अगर एग्जाम में गड़बड़ी नहीं हुई होती तो दोबारा परीक्षा नहीं कराई जाती। बता दें कि 13 दिसंबर को बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा आयोजित हुई थी। लेकिन छात्रों ने परीक्षा में अनियमितता का आरोप लगाया है और परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर राजधानी पटना के गर्दनीबाग में प्रदर्शन कर रहे हैं। राहुल गांधी ने शनिवार को गर्दनीबाग पहुंचकर प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात की थी।
Updated on:
19 Jan 2025, 4:35 PM IST
Published on:
19 Jan 2025, 4:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.