
होली पूर्व रांची में बर्ड फ्लू की पुष्टि, सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी, स्वास्थ्य महकमा और पशुपालन विभाग में हडकम्प मचा
होली आने में सिर्फ 3 दिन बाकी है। होली के ठीक पहले रांची में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य महकमा और पशुपालन विभाग में हड़कम्प मच गया है। इसके साथ ही राज्य के सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। केंद्रीय जनजातीय कार्य विभाग मंत्री अर्जुन मुंडा के रांची स्थित सरकारी आवास में मुर्गियों की मौत के बाद कराए गए सैम्पल जांच में जब बर्ड फ्लू का ऐलान किया गया तो यह मामला सामने आया है। हालांकि इसके पहले पिछले हफ्ते बोकारो में भी सैकड़ों मुर्गियों की मौत एवियन इन्फ्लूएंजा यानी बर्ड फ्लू से होने की पुष्टि हुई थी। केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन मंत्रालय ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक सभी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। इस बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने एक कमाल का बयान जारी किया कि, बर्ड फ्लू से घबराने की जरूरत नहीं है। जरूरत है तो सतर्कता बरतने की। पशुपालन मंत्री स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि, जब जब बर्ड फ्लू आता है, वे तो खूब मुर्गा खाते हैं। लोगों को चाहिए कि वे मुर्गा को आग में और अधिक आंच पर पकाएं।
रांची में केंद्रीय मंत्री के सरकारी आवास पर मरी मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि
रांची के जेल मोड़ के पास केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के आवास परिसर के अंदर सुरक्षाकर्मियों और दूसरे कर्मचारियों ने 55 से 60 की संख्या में रंगीन देसी मुर्गे-मुर्गियां पाली थी। पिछले एक हफ्ते में लगातार मुर्गियों की मौत का सिलसिला शुरू हो गया। एक हफ्ते में 45 से अधिक मुर्गियों की मौत हो गई। तब संदेह होने पर पशुपालन विभाग की ओर से इनके सैम्पल को जांच के लिए भोपाल भेजा गया। जहां रिपोर्ट में बर्ड फ्लू होने की पुष्टि की गई।
एहतियाती कदम उठाए जाएं
राज्य पशुपालन निदेशक चंदन कुमार ने रांची उपायुक्त व जिला पशुपालन पदाधिकारी को अलर्ट कर दिया है। साथ ही यह निर्देश जारी किया है कि, बर्ड फ्लू के संक्रमण से बचाव को लेकर सारे एहतियाती कदम उठाए जाएं।
रामगढ़ में बड़ी संख्या में कौवों के मरने की खबर
बताया जा रहा है कि, जिला पशुपालन विभाग को रांची में जेल मोड़ चौक के एक किमी की परिधि में मुर्गियों का सर्वे करने का निर्देश दिया गया है। इस दायरे में सभी मुर्गियों को मारे जाने की तैयारी है। कुल 10 किमी क्षेत्र को सर्विलांस क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। इधर रामगढ़ जिले के गिद्दी सहित अन्य इलाकों में बड़ी संख्या में कौवों के मरकर जमीन पर गिरने की खबर आई है।
Updated on:
4 Mar 2023, 3:17 PM IST
Published on:
4 Mar 2023, 3:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.