
Air_pollution
Weather Alert: पूरे उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। देश की राजधानी दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में सर्दी का कहर जारी है। दिल्ली-एनसीआर के आसपास के इलाके शीत लहर की चपेट में है। वहीं मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले में लगातार पांच दिनों तक छाए बादलों के बीच आज बारिश के साथ-साथ ओले गिरे। उत्तराखंड में भी ठंड का कहर जारी है। कोहरे को लेकर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, कश्मीर में बुधवार को तेज शीत लहर जारी है। डल, निगीन, वुलर और अन्य सभी झीलें, नदियां कुछ हिस्सों में जम गईं हैं। वहीं मैदानी क्षेत्रों में कोहरा लोगों की टेंशन बढ़ा रहा है। आईएमडी के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों तक सर्दी का ऐसा ही मौसम रहेगा।
शीत लहर की चपेट में दिल्ली-एनसीआर
राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में शीत लहर का कहर जारी है। दिल्ली में बुधवार की सुबह ठंड रही और न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने हल्के कोहरे की भी भविष्यवाणी की है और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बुधवार को सुबह 7.30 बजे पालम में सबसे कम विजिबिलिटी 500 मीटर दर्ज की गई। भारतीय रेलवे के मुताबिक, कोहरे के कारण कम से कम 26 ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। चेन्नई-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस, अमृतसर-नांदेड़ एक्सप्रेस और अजमेर-कटरा एक्सप्रेस छह घंटे से अधिक की देरी से चल रही हैं।
भिण्ड में गिरे ओले
एमपी के भिण्ड जिले में बीते पांच दिनों तक छाए बादलों के बीच बुधवार को बारिश के साथ-साथ ओले गिरे। भिंड के मिहोना में बूंदाबांदी के साथ बादल थमे रहे। दबोह में हल्के-हल्के ओले भी गिरे हैं। भिण्ड में पिछले कई दिनों से बादलों का डेरा बना हुआ है। सर्द हवाएं लोगों को ठिठुरा रही थी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण छाए बादलों के बीच लहार तहसील में बारिश हुई। बारिश इतनी तेज थी कि लहार की सड़कों पर पानी जमा हो गया। सड़कें तालाब बन गई। मिहोना में रात के समय हल्की बूंदों के साथ ओले भी गिरे।
उत्तराखंड में ठंड का कहर, कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी
पहाड़ों भी सर्दी का कहर जारी है। उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोग इससे बचने के लिए गर्म कपड़े और अलाव का सहारा ले रहे हैं। कोहरे से विजिबिलिटी कम होने से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के छह जिलों में कोहरा छाने की संभावना जताई है जिससे लोगों की परेशानियों और बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।
यह भी पढ़ें- Metaverse Rape: ऑनलाइन मेटावर्स में 16 वर्षीय लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म, क्या होता है मेटावर्स गैंगरेप
तेज शीत लहर की चपेट में कश्मीर, जमी झीलें और नदियां
कश्मीर में बुधवार को भी तेज शीत लहर देखने को मिला। डल, निगीन, वुलर और अन्य सभी झीलें, नदियां कुछ हिस्सों में जम गईं हैं, जबकि इस मौसम में अब तक बहुत कम बर्फबारी और वह भी केवल पहाड़ों में होने के कारण इनमें जल स्तर चिंताजनक रूप से कम हो गया है। उन जगहों से पीने योग्य पानी की मांग आने लगी है। जल शक्ति विभाग द्वारा जल आपूर्ति योजनाओं के माध्यम से पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। मौसम कार्यालय ने 4 जनवरी से 6 जनवरी तक बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है।
यह भी पढ़ें- पेट्रोलपंप पर लंबी लाइनें, डिलेवरी बॉय ने निकाला जुगाड़, ऑर्डर डिलीवर करने के लिए घोड़े पर हुआ सवार
Published on:
3 Jan 2024, 2:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.