
पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद भड़की हिंसा
West Bengal Election Violence: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद हिंसा का दौर जारी है। हावड़ा में बमबाजी में दो बीजेपी कार्यकर्ता बुरी तरह से घायल हुए हैं। इससे पहले 7 मई को हावड़ा जिले के शिबपुर इलाके के चौराबस्ती क्षेत्र में भी भाजपा कार्यकर्ताओं और तृणमूल कॉन्ग्रेस गुंडों के बीच जोरदार झड़प हुई। हिंसा में एक व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।
इधर, कोलकाता के साल्ट लेक में भाजपा के निर्वाचित विधायक दिलीप घोष ने टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की मुलाकात पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
दिलीप घोष ने मीडिया से कहा कि ममता बनर्जी के मन में काफी भ्रम की स्थिति है। लोग आकर उन्हें प्रभावित कर रहे हैं और वह चीजों को ठीक से समझ नहीं पा रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर वह जमीन पर गिरती हैं तो उन्हें गंभीर चोट लग सकती है और वह चोट शायद कभी पूरी तरह ठीक नहीं होगी।
दरअसल, गुरुवार को कोलकाता में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे। अभिषेक बनर्जी ने अखिलेश यादव का गले लगाकर स्वागत किया।
मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की आंखों में ममता बनर्जी खटकती हैं, क्योंकि वह आधी आबादी, यानी महिलाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सामंती सोच वाली पार्टी है और उसके सहयोगी पुरुषवादी मानसिकता रखते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नहीं देखना चाहती कि महिलाएं आगे बढ़ें।
वहीं, भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले पर भी दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए। दिलीप घोष ने कहा कि जब तक नई सरकार नहीं आ जाती, कुछ कुछ लोग आक्रामक व्यवहार दिखा रहे हैं। लोगों को उकसा रहे हैं कि इस प्रकार की हिंसा हो। उन्होंने दावा किया कि नया सरकार आते ही ये सब हमेशा के लिए बंद हो जाएगा।
Updated on:
08 May 2026 11:30 am
Published on:
08 May 2026 09:02 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
