14 जुलाई को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया गया भारत का चंद्रयान-3 मिशन तेजी से चांद की सतह पर लैंड करने के लिए आगे बढ़ रहा है। इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (ISRO) अपने इस मून मिशन के जरिए चांद के साउथ पोल पर लैंड करने वाला है। अभी तक किसी भी स्पेस एजेंसी ने ये कारनामा नहीं किया है।
जैसे ही हमारा चंद्रयान-3 मिशन चांद के साउथ पोल पर लैंड करेगा, वैसे ही भारत ऐसा करने वाला पहला देश बनकर इतिहास रच देगा। आइए आपको बताते हैं कि इसकी लैंडिंग का सीधा प्रसारण आप कब और कहां देख सकते हैं?
भारत का तीसरा मून मिशन
भारत की तरफ से लॉन्च किया गया ये तीसरा मून मिशन है। 2008 में भारत ने चंद्रयान-1 मिशन के तहत पहला मून मिशन लॉन्च किया था। ये मिशन काफी सफल रहा था, क्योंकि इसके जरिए चांद पर पानी की मौजूदगी के बारे में मालूम चला। फिर 2019 में चंद्रयान-2 लॉन्च हुआ, जो लैंडिंग से पहले ही क्रैश हो गया। अब ऐसे में सबकी नजरें चंद्रयान-3 मिशन पर टिकी हुई हैं। आइए जानते हैं कि हमारा चंद्रयान मिशन चांद पर कब और किस समय लैंड करने वाला है।