
11 killed and 15 injured in a Kohat Shia Sunni clash in pakistan
नई दिल्ली। पाकिस्तान के कबायली इलाके में जमीन को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक दोनों पक्षों की बीच वन भूमि के विवादित कब्जे को लेकर झड़प हुई। कुर्रम जिले के कोहाट डिवीजन में कल शिया-सुन्नी के बीच हुए संघर्ष में 11 लोग मारे गए और 15 घायल हो गए।
शनिवार से शुरू हुई थी हिंसा
बता दें कि कल हुई इस झड़प में पहले 10 लोगों के मारे जाने की खबर थी, वहीं अब एक मृतक की संख्या बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन पर कब्जे को लेकर शुरू हुए कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और कुछ ही देर में दोनों पक्षों ने गोलीबारी शुरू कर दी। शनिवार से शुरू हुई यह हिंसा अभी भी जारी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए और शांति बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सरकार की हो रही आलोचना
बता दें कि बीते कुछ दिनों से पाकिस्तान बढ़ती सांप्रदायिक हिंसा का सामना कर रहा है। देश में अल-कायदा और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान से जुड़े सशस्त्र सुन्नी समूह अक्सर शियाओं की सभाओं पर हमला करते हैं। ये सुमदाय देश की मुस्लिम आबादी का लगभग 20 फीसद हिस्सा हैं। इसको लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की सरकार की जमकर आलोचना हो रही है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में सांप्रदायिक हिंसा बढ़ने के साथ ही विपक्षी राजनीतिक पार्टियों ने भी इमरान सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। हाल ही में जारी हुई एक रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान वर्ल्ड जस्टिस प्रोजेक्ट के रूल आफ ला इंडेक्स 2021 की रैंकिंग में 139 देशों में 130 वें स्थान पर है।
Updated on:
26 Oct 2021, 7:18 PM IST
Published on:
26 Oct 2021, 6:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.