16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

19 दिन के अनशन ने दिखाया असर, सोनम वांगचुक का 9 किलो से ज्यादा वजन घटा; डॉक्टर बोले- अब हर दिन अहम

Sonam Wangchuk health update: दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अनशन के 19वें दिन उनका वजन 9 किलो से ज्यादा घट गया है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन लंबे उपवास के कारण स्वास्थ्य पर असर पड़ने की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।
2 min read
Google source verification
Sonam Wangchuk health update

19 दिनों से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक का वजन 9 किलो से ज्यादा कम हो चुका है। फोटो सोर्स-@CJP_for_India

Sonam Wangchuk health update: दिल्ली के जंतर-मंतर पर लंबे समय से अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर डॉक्टर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। अनशन के 19वें दिन गुरुवार को उनकी स्वास्थ्य जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उनका वजन 9 किलो से ज्यादा कम हो चुका है। हालांकि अभी उनकी हालत स्थिर है, लेकिन आने वाले कुछ दिन स्वास्थ्य के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं।

56.9 किलो रह गया वांगचुक का वजन

डॉक्टरों के मुताबिक, वांगचुक का मौजूदा वजन 56.9 किलोग्राम रह गया है। लंबे उपवास के कारण शरीर में बदलाव दिखाई देने लगे हैं। डॉक्टर सतीश लांबा ने बताया कि उनकी ब्लड शुगर फिलहाल 80 mg/dL है, जबकि नाड़ी की गति 72 प्रति मिनट दर्ज की गई। ब्लड प्रेशर भी जांच के दौरान नियंत्रण में मिला।

जांच के मुताबिक, लेटे हुए उनकी ब्लड प्रेशर रीडिंग 105/61 और बैठने की स्थिति में 101/65 दर्ज की गई। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की स्थिति अभी संतोषजनक है और वह मानसिक रूप से पूरी तरह सतर्क हैं।

वांगचुक पिछले कई दिनों से केवल पानी और नमक के सहारे अनशन जारी रखे हुए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय तक भोजन नहीं लेने से शरीर ऊर्जा के लिए अपनी जमा ताकत का इस्तेमाल करने लगता है। इसी वजह से शरीर में कमजोरी और कुछ स्वास्थ्य संकेतों में बदलाव आने लगते हैं।

अनशन से बढ़ा यूरिक एसिड, डॉक्टर रख रहे नजर

डॉक्टरों ने बताया कि उनके शरीर में यूरिक एसिड का स्तर बढ़ा है, जो इस बात का संकेत हो सकता है कि शरीर ऊर्जा के लिए मांसपेशियों का इस्तेमाल कर रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक यह स्थिति लंबे उपवास के दौरान देखी जा सकती है। अब डॉक्टर इस बात पर नजर रख रहे हैं कि कहीं इसका असर शरीर के दूसरे महत्वपूर्ण अंगों पर तो नहीं पड़ रहा।

राम मनोहर लोहिया अस्पताल की मेडिकल टीम लगातार उनकी जांच कर रही है। डॉक्टर दिन में कई बार उनका ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन और अन्य जरूरी स्वास्थ्य संकेतों की जांच कर रहे हैं। बुधवार को उनके दिल की धड़कनों की जांच के लिए ECG भी किया गया, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।

इस बीच जंतर-मंतर पर उनका आंदोलन जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लगातार जारी अनशन को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है और उनकी सेहत पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है।