
वारदात के बाद आस्था कुंज पार्क के बाहर तैनात पुलिसकर्मी (Photo: IANS/File)
Aastha Kunj Park Kalkaji: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के एक पार्क में पिछले महीने 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जांच को अहम सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने बुधवार को तिहाड़ जेल में आयोजित पहचान परेड के दौरान तीनों आरोपियों की शिनाख्त कर ली। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी आसिफ, हेमंत सिंह और उसका भाई मुकेश फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं।
पुलिस का कहना है कि वह मामले को मजबूत बनाने के लिए सभी साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रही है। कथित वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और चाकू पहले ही बरामद कर ली गई है। मामले से जुड़े साक्ष्यों की फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने कहीं पीड़िता के मोबाइल से वीडियो तो नहीं बनाए थे। आरोपी आसिफ के मोबाइल फोन से कई अश्लील वीडियो मिलने की बात सामने आई है। आरोपी मुकेश और हेमंत ने अपनी सर्च हिस्ट्री डिलीट की थी। जांच एजेंसियां तीनों आरोपियों की डिजिटल एक्टिविटी और डिजिटल फुटप्रिंट खंगाल रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना 21 सितंबर की शाम की है। किशोरी अपने 17वें जन्मदिन पर कालकाजी मंदिर में पूजा करने के बाद अपने पुरुष मित्र के साथ मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में गई थी। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर पीड़िता और उसके दोस्त को रोका और बंदूक तथा चाकू दिखाकर धमकाया। वें दोनों पर दबाव बनाने के लिए पुलिस जैसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दोनों से उनके परिवार के फोन नंबर मांगने की कोशिश की। विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट की गई। फिर पीड़िता को लड़के से अलग पार्क के सुनसान हिस्से में ले जाया गया। आरोप है कि इसके बाद तीनों आरोपियों ने किशोरी के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के दोस्त ने रात करीब 8:45 बजे पीसीआर कॉल कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। इसके बाद मामले में पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आसिफ स्कूल ड्रॉपआउट है और सब्जी की दुकान पर काम करता था। वह पहले भी चोरी और छिनैती के मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने बताया कि घटना के कुछ घंटे बाद आसिफ को अमर कॉलोनी इलाके में मोटरसाइकिल से जाते समय गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस और आरोपी के बीच छोटी मुठभेड़ भी हुई।
जबकि अन्य दो आरोपियों हेमंत सिंह और उसके भाई मुकेश सिंह को पार्क के पास मौजूद उनके घर से ही गिरफ्तार किया गया। हेमंत लॉ की पढ़ाई कर चुका है, जबकि मुकेश बीएससी की पढ़ाई कर रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपने घर गए और सबूत मिटाने के लिए अपने कपड़े धोए।
इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या आरोपियों ने पहले भी पार्क में अन्य महिलाओं को इसी तरह निशाना बनाया था?
Updated on:
01 Oct 2026 03:41 pm
Published on:
01 Oct 2026 03:13 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
