
Ramesh Bidhuri: दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखें सामने आने के बाद सियासी पारा और हाई हो गया है। एक ओर जहां दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लगा दी गई है। वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। इस बीच खबर ये भी सामने आ रही है कि कालाकाजी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी (Ramesh Bidhuri) की उम्मीदवारी रद की जा सकती है। भाजपा अब यहां से किसी महिला उम्मीदवार को चुनावी मैदान में उतार सकती है। इसको लेकर भाजपा में अंदरूनी स्तर पर मंथन चल रहा है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा फिर दिल्ली की सीएम आतिशी पर विवादित टिप्पणी के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रमेश बिधूड़ी (Ramesh Bidhuri) को कड़ी फटकार लगाई है। इसके साथ ही पार्टी के अंदर दिल्ली विधानसभा चुनाव में उनकी जगह एक महिला उम्मीदवार को कालकाजी से प्रत्याशी बनाने पर मंथन भी शुरू हो गया है। रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि इसको लेकर भाजपा संगठन की दो बैठकें भी हो चुकी हैं।
भाजपा के अंदरूनी सूत्रों के हवाले से सामने आई इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी (Ramesh Bidhuri) की विवादित टिप्पणियों से पार्टी में खासी नाराजगी है। भाजपा संगठन दक्षिण दिल्ली में मजबूत पैठ रखने वाले गुर्जर नेता, दो बार के लोकसभा सांसद और तीन बार के विधायक रमेश बिधूड़ी (Ramesh Bidhuri) की उम्मीदवारी रद या स्थानांतरित करने पर विचार कर रहा है। हालांकि इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है।
दरअसल, 5 फरवरी को कालकाजी विधानसभा सीट से उम्मीदवारी पक्की होने के अगले दिन ही भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए दिल्ली की सीएम और कालकाजी से विधायक आतिशी के खिलाफ भी विवादित बयान दिया। भाजपा नेता के विवादित बयान के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।
रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) के खिलाफ विवादित बयान वायरल होने के बाद भाजपा संगठन ने रमेश बिधूड़ी को फटकार भी लगाई थी। इसके साथ ही विवादित बयान देने से बचने की सलाह दी गई। इसके बाद रमेश बिधूड़ी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष भी रखा था। इसके बाद रमेश बिधूड़ी ने एक रैली को संबोधित करते हुए फिर दिल्ली की सीएम आतिशी के खिलाफ विवादित बयान दे दिया। रमेश बिधूड़ी के विवादित बयानों पर राजनीतिक दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। इससे भाजपा संगठन में रमेश बिधूड़ी के खिलाफ नाराजगी ज्यादा हो गई।
दिल्ली की कालकाजी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने छह फरवरी को कालकाजी में सड़कों की स्थिति पर कहा था "जैसे हमने ओखला और संगम विहार में सड़कों में सुधार किया, हम कालकाजी में सभी सड़कों को प्रियंका गांधी के गालों जितनी चिकनी बना देंगे।" इसके बाद दिल्ली के जापानी पार्क में रैली को संबोधित करते हुए रमेश बिधूड़ी ने दिल्ली की सीएम आतिशी को निशाना बनाया। इस दौरान रमेश बिधूड़ी ने कहा "आप की एक नेता हैं जो मार्लेना से सिंह बन गई हैं। उन्होंने तो अपना बाप ही बदल लिया।" सीएम आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रमेश बिधूड़ी के इस बयान की कड़ी निंदा की थी।
भाजपा के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी पहले भी विवादित टिप्पणी करते रहे हैं। लगभग सितंबर 2023 नए संसद भवन के उद्घाटन विशेष सत्र में चंद्रयान-3 पर बहस के दौरान रमेश बिधूड़ी ने बसपा सांसद दानिश अली पर भी विवादित टिप्पणी की थी। यूपी के अमरोहा से बसपा सांसद पर विवादित टिप्पणी के मामले ने बहुत तूल पकड़ा था। इसके बाद दानिश अली बसपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। दानिश अली के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के चलते ही भाजपा ने रमेश बिधूड़ी का लोकसभा चुनाव 2024 में टिकट काट दिया था।
संबंधित विषय:
Updated on:
8 Jan 2025, 1:07 PM IST
Published on:
8 Jan 2025, 1:00 PM IST
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.