18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कार को बना लिया चलता-फिरता कॉल सेंटर, सुनसान जगहों पर बैठकर लोगों को लगाते थे लाखों का चूना; ऐसे पकड़ा गया गैंग

Delhi Crime: दिल्ली में तीन आरोपियों ने कार को चलता-फिरता कॉल सेंटर बनाकर साइबर ठगी की। आरोपी वीरान पार्किंग स्थलों, खाली प्लॉटों या मेट्रो स्टेशन के पास कार खड़ी करके लैपटॉप और कई मोबाइल फोन के जरिए लोगों को ठगते थे।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 18 Nov 2026, 11:45 AM IST

Delhi Cyber Fraud Call Center

प्रतीकात्मक फोटो (AI Image)

Fake Call Centre: दिल्ली में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां तीन आरोपियों ने कार को ही मोबाइल कॉल सेंटर बना लिया था। लैपटॉप, मोबाइल फोन और ठगी के लिए तैयार लोगों का डेटाबेस लेकर यह गैंग दिल्ली के अलग-अलग सुनसान इलाकों में पहुंचता और लोगों को फोन कर ठगी करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले तीन महीनों से इस तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

राजधानी दिल्ली में साइबर ठगों ने पुलिस से बचने के लिए ठगी का नया तरीका अपनाया था। आरोपियों ने किसी स्थायी ऑफिस या कॉल सेंटर की जगह अपनी कार को ही ठगी का अड्डा बना लिया था। सुनसान पार्किंग, खाली प्लॉट और खुले मैदानों में कार खड़ी कर वे लोगों को फोन करते और उन्हें अपने जाल में फंसाते थे। खास बात यह थी कि ठगी के लिए उन्हें किसी बड़े सेटअप की जरूरत नहीं थी। एक लैपटॉप, दो-तीन मोबाइल फोन और कार के सहारे पूरा नेटवर्क चलाया जा रहा था।

तीन महीने से चल रहा था ठगी का कारोबार

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में लोकेश तोमर (37), तुषार (35) और हिमांशु राठौर (24) को गिरफ्तार किया है। 30 अक्टूबर को इन तीनों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई थी। पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार के अनुसार, आरोपियों तक पुलिस शिकायत और जांच के आधार पर पहुंची।

यह मामला मध्य प्रदेश निवासी नीलेश विश्वकर्मा की शिकायत के बाद सामने आया। आरोप है कि ठगों ने उनसे नौकरी दिलाने की प्रक्रिया और फीस के नाम पर 65 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। उन्हें इंश्योरेंस पॉलिसियों में निवेश किए गए 45 लाख रुपये वापस दिलाने का झांसा भी दिया गया था।

दो दिन से ज्यादा एक जगह नहीं रुकते थे आरोपी

जांच में पता चला कि तीनों आरोपी पिछले करीब तीन महीनों से इस तरीके से ठगी कर रहे थे। गैंग रोजाना दो से तीन लोगों को अपना निशाना बनाता था। पुलिस की नजरों से बचने के लिए आरोपी किसी एक जगह पर दो दिन से ज्यादा नहीं रुकते थे। वे लगातार अपनी लोकेशन बदलते रहते थे और बार-बार सिम कार्ड भी बदलते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास पहले से ही संभावित शिकार लोगों का डेटाबेस मौजूद था। यह जानकारी उन्हें पहले कॉल सेंटर में काम करने के दौरान मिली थी। इसी डेटाबेस की मदद से वे लोगों को फोन करते और ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।

शाहदरा से खोड़ा तक सुनसान जगहों पर बनाते थे ठिकाना

गैंग के सदस्य दिल्ली के पूर्वी जिले में ऐसी जगहों की तलाश करते थे, जहां लोगों की आवाजाही कम हो और आसपास शोर भी न हो। जांच में शाहदरा का एक बड़ा मैदान, खोड़ा इलाके का खाली प्लॉट और पूर्वी दिल्ली की सुनसान सड़कें उनके ठिकानों के रूप में सामने आईं।

इन जगहों पर कार खड़ी करने के बाद आरोपी फोन कॉल करना शुरू कर देते थे। जगह बदलते रहने के कारण पुलिस के लिए उनके वास्तविक ठिकाने का पता लगाना मुश्किल हो जाता था। इस तरह वे बिना किसी पारंपरिक कॉल सेंटर की स्थापना किए अपना पूरा नेटवर्क चला रहे थे।

ठगी के पैसों से ऑनलाइन मंगाते थे सामान, सोने के सिक्के तक खरीदे

इस गैंग का सबसे हैरान करने वाला तरीका ठगी से मिले पैसों को खर्च करने का था। आरोपी फूड डिलीवरी ऐप से जुड़े वॉलेट का इस्तेमाल कर सामान खरीदते थे। जांचकर्ताओं के मुताबिक, पीड़ित से जितनी रकम ठगी जाती थी, उसी के हिसाब से सामान का ऑर्डर दिया जाता था।

एक जांच अधिकारी के अनुसार, अगर आरोपियों को 500 रुपये मिलते थे तो वे तुरंत घर के लिए स्नैक्स या सब्जियां मंगवा लेते थे। करीब 5,000 रुपये मिलने पर घरेलू इस्तेमाल का सामान खरीदते थे, जबकि एक लाख रुपये से अधिक की रकम मिलने पर कभी-कभी सोने के सिक्के भी खरीदे जाते थे।

गैंग में बंटी हुई थी जिम्मेदारी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गैंग के तीनों सदस्यों के बीच काम बंटा हुआ था। दो आरोपी फोन कॉल कर लोगों को अपने जाल में फंसाते और उनसे पैसे ऐंठते थे, जबकि तीसरा सदस्य ऑनलाइन ऑर्डर किए गए सामान को डिलीवरी एजेंट से रिसीव करता था।

डिलीवरी एजेंट को कार की वास्तविक पार्किंग से कुछ दूरी पर बुलाया जाता था। इससे आरोपियों की गतिविधियों और उनके ठिकाने के बीच सीधा संबंध सामने नहीं आता था।

पूर्वी जिले की साइबर टीम ने इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। इस टीम का नेतृत्व एसएचओ पवन यादव कर रहे थे। पुलिस अब इस गैंग के काम करने के तरीके और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।